बिहार: मशहूर भोजपुरी गायक अजय पांडेय का कोरोना से निधन, सदमे में इंडस्ट्री
पटना, अप्रैल 25: भोजपुरी सिनेमा के मशहूर गायक अजय पांडेय का कोरोना से निधन हो गया है। अजय पांडेय ने भोजपुरी के कई प्रसिद्ध गानों को अपनी आवाज दी थी। उनके निधन से पूरी इंडस्ट्री सदमे में है। अजय पांडेय बीत दिनों कोरोना से संक्रमित पाए गए थे, जिसके बाद उन्हों बिहार के सासाराम में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार की देर शाम इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

अजय पांडेय ने गाए कई सुपरहिट गाने
अजय पांडेय ने कई सुपरहिट गाने गाए हैं। उनका भोजपुरी गाना 'शीशा चमकावेलू छत के ऊपर से' बेहद लोकप्रिय साबित हुआ था। अजय पांडेय के निधन पर भोजपुरी सिनेमा की हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। भोजपुरी सिनेमा के स्टार पवन सिंह ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर पोस्ट कर उन्हें नमन किया। वहीं, सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने उनकी फोटो पोस्ट कर लिखा, 'हमारे भोजपुरी जगत के मशहूर गायक अजय पांडेय जी नहीं रहे। रोहतास जिले और पूरे बिहार के गौरव थे आप। आपकी बहुत याद आएगी अजय जी। ईश्वर आपके आत्मा को शांति दे।' खेसारी लाल यादव के इस पोस्ट पर एक्ट्रेस काजल राघवानी ने भी 'ॐ शांति' लिखकर सिंगर को श्रद्धांजलि दी।
बता दें, बिहार में भी कोरोना वायरस का खतरा बढ़ता जा रहा है। इसके साथ ऑक्सीजन की भी समस्या गहराती जा रही है। राज्य में पिछले दो दिनों में 130 मीट्रिक टन लिक्विड ऑक्सीजन की आपूर्ति की गई। केंद्र सरकार ने बिहार के लिए 194 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की प्रतिदिन आपूर्ति करने का निर्णय लिया है। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने शनिवार को जानकारी दी कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से बातचीत के बाद केंद्र ने राज्य को चार टैंकर भी देने का निर्णय लिया है, ताकि ऑक्सीजन की आपूर्ति आसानी से की जा सके।












Click it and Unblock the Notifications