Malik Riaz कौन हैं? भ्रष्ट अरबपति जिसकी वजह से गिरफ्तार हुए इमरान और जल उठा पाकिस्तान
पाकिस्तान में इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद प्रॉपर्टी टाइकून मलिक रियाज का नाम सुर्खियों में है। क्योंकि, जिस मामले में इमरान धरे गए हैं, उसके तार रियाज तक से जुड़ रहे हैं।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान अल-कादिर ट्रस्ट केस में पेशी के लिए ही हाई कोर्ट पहुंचे थे, जब उन्हें पाकिस्तानी रेंजरों ने गिरफ्तार कर लिया। उनकी गिरफ्तारी के बाद से उनके समर्थक पाकिस्तान को जलाने पर तुले हैं। पाकिस्तानी सेना और पीटीआई समर्थकों के बीच गृहयुद्ध जैसे हालात बने हुए हैं। लेकिन, इन सबके पीछे एक नाम खूब चर्चित हो रहा है। यह नाम है मलिक रियाज हुसैन का।

अल-कादिर ट्रस्ट केस में हुई है इमरान की गिरफ्तारी
इमरान की गिरफ्तारी जिस अल-कादिर ट्रस्ट केस में हुई है, वह दरअसल एक यूनिवर्सिटी से जुड़ा ट्रस्ट है। कथित तौर पर उस ट्रस्ट के दो ही ट्रस्टी हैं- इमरान खान और उनकी मौजूदा पत्नी बुशरा बीवी। आरोप है कि जब इमरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री थे, तो उन्हें इसी यूनिवर्सिटी के लिए अवैध तरीके से करोड़ों रुपए की जमीन दी गई।

मलिक रियाज कौन हैं?
मलिक रियाज हुसैन पाकिस्तान के सातवें सबसे अमीर बताए जाते हैं। वह एशिया के सबसे बड़ी रियल एस्टेट कंपनी के मालिक भी बताए जाते हैं। उनके अन-वेरिफाइड ट्विटर अकाउंट के बायो में उन्हें प्राउड मुस्लिम, पाकिस्तानी और बहरिया टाउन कंपनी का चेयरमैन बताया गया है।

कंस्ट्रक्शन कारोबार से बनाया नाम
मलिक रियाज का जन्म पाकिस्तान के रावलपिंडी में 8 फरवरी, 1954 को बहुत ही साधारण परिवार में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में क्लर्क के रूप में की थी। जब उन्हें इस क्षेत्र में काफी अनुभव हो गया तो 1980 के दशक में उन्होंने अपनी कंपनी शुरू कर ली।
Recommended Video

क्लर्क से बने प्रॉपर्टी टाइकून
बाद में उन्होंने खुद ही ठेके लेने शुरू किए और 1995 में हुसैन ग्लौबल कंपनी बनाई, जिसने बहारिया फाउंडेशन के साथ करार किया। धीरे-धीरे उन्होंने इसी नाम से रियल एस्टेट कंपनी बनाई, जिसकी शुरुआत पाकिस्तानी नौसेना के लिए सोसायटी बनाने के मकसद से हुई थी। आज उन्हें पाकिस्तान से इंग्लैंड तक में प्रॉपर्टी टाइकून माना जाता है।

पाकिस्तानी सेना से लेकर सत्ता तक सीधी पहुंच
रियाज मलिक की पहुंच पाकिस्तानी सेना से लेकर पाकिस्तानी सत्ता में बहुत ऊपर तक बताई जाती है। उनके नवाज शरीफ की पाकिस्तानी मुस्लिम लीग से भी अच्छे संपर्क बताए जाते हैं तो आसिफ अली जरदारी की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी से भी गहरे संबंध माने जाते हैं। पीटीआई से गहरे रिश्ते थे, जिसके चक्कर में इमरान भुगत रहे हैं।

विवादों से रहा है पुराना नाता
मलिक रियाज का विवादों से बहुत ही पुराना नाता रहा है। भ्रष्टाचार के कई मामलों में उनके खिलाफ जांच चल रही है। इमरान खान के मामले में पाकिस्तान में दो तरह की थ्योरी है। एक में आरोप है कि मनी लॉन्ड्रिंग के केस में मदद देने की एवज में रियाज ने इमरान के ट्रस्ट को करोड़ों की जमीन और अरबों रुपए दिए।

इमरान पर लगाया है जमीन हड़पने का आरोप
जबकि, बाद में मलिक रियाज ने कथित तौर पर आरोप लगाया कि इमरान और उनकी पत्नी बुशरा बीवी ने गैर-कानूनी तरीके से उनकी करोड़ों रुपए की जमीनें हड़प ली। उन्होंने इमरान पर यहां तक आरोप लगाए हैं कि दोनों मियां-बीवी ने उन्हें जेल भेजने तक की धमकी दी थी।
मलिक रियाज की भी गिरफ्तारी की हो रही है मांग
पाकिस्तान के प्रॉपर्टी टाइकून मलिक रियाज के कारनामे यूनाइटेड किंगडम में भी उजागर हो चुके हैं। वहां भी उनकी प्रॉपर्टी से जुड़े कई विवाद रहे हैं और उनपर भ्रष्ट तरीके से धन जुटाने के भी आरोप लग चुके हैं। इमरान की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान में उनकी भी गिरफ्तारी की मांग होने लगी है। लेकिन, पाकिस्तानी सेना और सत्ता में उनकी इतनी पहुंच है, जिससे लगता नहीं कि उनपर कोई हाथ डालने वाला है!












Click it and Unblock the Notifications