जब दिलीप कुमार ने नवाज को फोन कर कहा, 'आपसे यह उम्मीद नहीं थी'
लाहौर। पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद कसूरी की किताब 'नीदर ए हॉक नॉर ए डव,' जबसे रिलीज हुई तब से ही इस किताब को लेकर भारत में भी लोकप्रियता बढ़ती जा रही है। किताब का एक और किस्सा मशहूर हो रहा है। यह किस्सा है वर्ष 1999 की कारगिल की जंग के दौरान बॉलीवुड के लीजेंड्री एक्टर दिलीप कुमार का पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ को फोन करना।

नवाज के एक सचिव ने बताया किस्सा
कसूरी ने अपनी किताब में कारगिल की जंग के समय नवाज शरीफ के प्रधान सचिव रहे सईद मेहदी के हवाले से इस किस्से को बयां किया है। कसूरी ने लिखा है कि कारगिल वॉर के समय उस समय के भारतीय पीएम अटल बिहारी वाजपेई ने नवाज शरीफ से शिकायत की थी कि उन्होंने भारत की पीठ पर छुरा भोंक कर अच्छा नहीं किया है।
वाजपेई की बात पर हैरान थे शरीफ
कसूरी ने लिखा है कि सईद ने उन्हें बताया कि मई 1999 में जब कारगिल की जंग शुरू हुई एक दिन वह पीएम शरीफ के साथ बैठे थे कि अचानक फोन की घंटी बजी। शरीफ के एडीसी ने उन्हें बताया कि पीएम वाजपेई उनसे तुरंत बात करना चाहते हैं।
बातचीत के दौरान वाजपेई ने शरीफ से शिकायत की कि लाहौर में उन्हें बुलाने के बाद शरीफ ने उन्हें इतना बड़ा धोखा दिया। वाजपेई की बात सुनकर शरीफ हैरान थे।
दिलीप कुमार की आवाज सुन चौंके शरीफ
कसूरी की इस किताब में जो दावा किया गया है कि उसके मुताबिक शरीफ को इस बात का जरा भी इल्म नहीं था कि वाजपेई उनसे क्या कह रहे हैं। उन्होंने उस समय वाजपेई से वादा किया कि उस समय के सेना प्रमुख जनरल परवेज मुशर्रफ के साथ बात करके वह उन्हें फोन करेंगे।
उनकी बात खत्म होती इससे पहले वाजपेई ने शरीफ से कहा कि वह चाहते हैं कि वह एक और शख्स से बात करें। कसूरी के मुताबिक शरीफ दिलीप कुमार की आवाज सुनकर हैरान थे।
दिलीप ने बताया मुसलमानों का दर्द
दिलीप कुमार ने फोन पर उनसे कहा, 'मियां साहब, हमने आप से यह उम्मीद नहीं की थी। आप हमेशा भारत और पाकिस्तान के बीच दोस्ती की बात करते आए हैं।' दिलीप कुमार जो कि पाक के पेशावर के रहने वाले हैं, पाक के सर्वोच्च नागरिक सम्मान निशान-ए-इम्तियाज से भी सम्मानित हो चुके हैं।
कसूरी ने अपनी किताब में लिखा है कि दिलीप कुमार ने शरीफ से कहा कि इस तनाव की वजह से भारत में रहने वाले मुसलमान खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। वे अपने घरों को छोड़ने में कई तरह के डर और मुश्किलों को महसूस कर रहे हैं। ऐसे में शरीफ को इन हालातों को काबू में लाना होगा।












Click it and Unblock the Notifications