VIDEO:'हिंदू महिला को पाकिस्तान में अदालत के बाहर से दिन-दहाड़े जबरन उठा ले गए'- मनजिंदर सिंह सिरसा
नई दिल्ली, 21 दिसंबर: पाकिस्तान में हिंदुओं पर अत्याचार का एक दिल-दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। इसमें एक हिंदू महिला को सरेआम कुछ लोग अगवा कर रहे हैं और वह भी अदालत के सामने । वह महिला जोर-जोर से अपनी रक्षा के लिए चिल्ला रही है, गुहार लगा रही है। लेकिन, वहां या तो उसे जबरन उठाने वाले दरिंदे हैं या फिर तमाशबीन। कोई उसकी मदद के लिए आगे नहीं बढ़ रहा है। यह वीडियो बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है और इसके बारे में जानकारी दी है। उन्होंने इस वीडियो को विदेश मंत्री एस जयशंकर और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को टैग किया है। कमजोर दिल वाले यह वीडियो ना देखें, जो कि उन्हें परेशान कर सकता है।

पाकिस्तान के सिंध में हिंदू महिला को सरेआम उठाया-सिरसा
पाकिस्तान के कराची में हिंदू मंदिरों और देवी-देवताओं पर हमलों के बीच एक बहुत ही दिल-दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। यह वीडियो भारतीय जनता पार्टी के नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने ट्विटर पर शेयर किया है। इस वीडियो में दिख रहा है कि खुद को बचाने की गुहार लगाती एक हिंदू महिला को कुछ लोग जबरन घसीटते हुए ले जा रहे हैं। वीडियो पाकिस्तान के सिंध प्रांत का बताया जा रहा है। इस वीडियो के बारे में सिरसा ने कहा है कि हिंदू महिला का इस तरह से अपहरण पाकिस्तान के सिंध प्रांत के उमरकोट में हुआ है।

बाल खसीटकर महिला को घसीटते रहे दरिंदे
मनजिंदर सिंह सिरसा ने अपने ट्वीट में लिखा है, 'सन्न रह गया! देखिए कि कैसे एक हिंदू महिला को दिन-दहाड़े अगवा किया गया है, पाकिस्तान के सिंध के उमरकोट में एक सत्र न्यायालय के बाहर से। वह मदद के लिए चिल्ला रही है, लेकिन उन्हें किसी पुलिस या कार्रवाई से कोई डर नहीं है और उन्होंने उसके बाल से पकड़कर घसीटकर ले गए और उसे कार में डाल दिया।' वीडियो में सुना जा सकता है कि कुछ लोग उसे गाड़ी में डालने को कह रहे हैं। अपहर्णकर्ताओं में चार पुरुष दिख रहे हैं और बाकी तमाशबीन बाइकर्स हैं, लेकिन कोई उन्हें रोक नहीं रहा है। सिरसा ने अपने ट्वीट को विदेश मंत्री एस जयशंकर और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को भी टैग किया है।
सिरसा ने हिंदुओं पर अत्याचार के कई मामले सामने लाए हैं
उन्होंने अगले ट्वीट में एक तस्वीर लगाई है और पाकिस्तान में हिंदुओं की स्थिति की जानकारी देते हुए लिखा है, 'पाकिस्तान के हिंदुओ ने 19 साल की इस हिंदू लड़की हरियन मेघवार के बारे में बताया है, जिसका अपहरण हुआ था, गैंग-रेप हुआ, जबरन इस्लाम धर्म कबूल करवाया गया और उसी के अपहरणकर्ता 31 साल के भाई खान के साथ शादी करवाई गई, जो पहले से शादीशुदा था......शर्मनाक तो ये है कि पाकिस्तानी मीडिया इसे सहमति से हुआ विवाह बता रहा है।' हालांकि, वनइंडिया इन खबरों और वीडियो की प्रमाणिकता को स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर पाया है। वैसे पाकिस्तान में हिंदू समुदाय का उत्पीड़न कोई नई घटना नहीं है।

पाकिस्तान में आफत में हिंदुओं की जान
एक और वीडियो में सिरसा ने पाकिस्तानी में हिंदुओं के खिलाफ होने वाली एक और ज्यादती को उजागर किया है। उन्होंने कहा है, '14 साल के एक हिंदू लड़के अविनाश कोहली को बंदूक की नोक पर उसके घर से यौन शोषण और जबरन धर्मांतरण के लिए अगवा कर लिया गया था।' पाकिस्तान में हिंदुओं की आबादी आजादी के बाद से लगातार घटती चली गई है और वे ज्यादातर सिंध प्रांत में भी बच गए हैं और वहां से भी आए दिन उनके खिलाफ भयावह घटनाओं की खबरें आती रहती हैं। (आखिर तस्वीर- 31 दिसंबर,2020 कराची)












Click it and Unblock the Notifications