पाकिस्तान: भारी बर्फबारी के बाद टूरिस्ट प्लेस पर फंसे हजारों वाहन, 9 बच्चों समेत 21 की मौत
नई दिल्ली, 8 जनवरी: पाकिस्तान के कई इलाकों में मौसम अपना कहर बरपा रहा है। पिछले कुछ दिनों से सबसे प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों में से एक मुर्री (पंजाब प्रांत) में भी बर्फबारी हो रही थी। जिसका लुत्फ उठाने बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे। इस वजह से इलाके में भीषण जाम लगा। इसके चलते अब तक 21 लोगों की मौत हुई है। इसमें 9 बच्चे भी शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने हिल स्टेशन पर इमरजेंसी लागू कर दी।

पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक मुर्री में सिर्फ 4000 वाहनों को ही हैंडल करने की क्षमता है, लेकिन इस बार पिछले 15-20 साल का रिकॉर्ड टूटा और करीब डेढ़ लाख वाहन आए। इस वजह से वहां पर भीषण जाम लग गया। मुर्री पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि पर्यटक अपने वाहन का हीटर ऑन करके सो गए थे। हीटर से निकलने वाला धुंआ ही उनका काल बन गया। जाम खुलने के बाद जब जांच होगी तो इसके बारे में विस्तार से जानकारी मिल सकेगी।
मामले में पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री उस्मान बुजदार ने कहा कि मैं मुर्री में पर्यटकों की भारी संख्या के बीच पुलिस, प्रशासन और बचाव टीम की सराहना करता हूं, जिन्होंने शुक्रवार रात तक इलाके से 23 हजार से ज्यादा वाहनों को निकाला। इसके अलावा शनिवार रात तक 1000 अन्य वाहनों के निकलने का अनुमान है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मुर्रे जाने वाले रास्ते को रविवार रात 9 बजे तक के लिए बंद कर रखा है। इसका मकसद पहले वहां फंसे वाहनों को निकालना है।
मौसम विभाग ने दी थी चेतावनी
पाकिस्तानी मौसम विभाग ने 6-9 जनवरी तक मुर्रे और गलियत में भारी बर्फबारी की भविष्यवाणी की थी, जो सच हुई। वहां पर शनिवार रात को बर्फीला तूफान आने का भी अनुमान है। इलाके के कुछ वीडियो वायरल हो रहे, जिसमें आप देख सकते हैं कि वहां फंसे वाहन पूरी तरह से बर्फ से ढक गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications