पीएम नवाज ने कहा था, 'प्लीज लाहौर आइए और मेरे साथ चाय पीजिए'
लाहौर। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अचानक लाहौर यात्रा की खबर से भारत और पाकिस्तान के हर शख्स को हैरानी में डाल दिया था।किसी को समझ नहीं आ रहा था कि अचानक अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से नई दिल्ली रवाना होने से पहले आखिर क्यों पीएम मोदी लाहौर जा रहे हैं?

दरअसल पाक पीएम नवाज शरीफ ने पीएम मोदी से लाहौर आने का अनुरोध किया था। पाक के विदेश सचिव एजाज चौधरी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी ने शुक्रवार को आखिरी क्षणों में लाहौर आने का फैसला लिया था।
उन्होंने बताया कि पाक पीएम नवाज के जन्मदिन पर पीएम मोदी की ओर से उन्हें बधाई देने के लिए फोन किया। इसी दौरान नवाज ने उनसे अनुरोध किया कि दिल्ली जाने से पहले वह लाहौर जरूर आएं। एजाज चौधरी ने पीएम मोदी के भारत लौटने के बाद यह जानकारी मीडिया को दी।
एजाज चौधरी ने बताया पीएम नवाज ने पीएम मोदी से कहा, 'प्लीज आइए, आप मेरे मेहमान हैं। प्लीज आइए और मेरे साथ चाय पीजिए।' पीएम नवाज के इस अनुरोध को पीएम मोदी इनकार नहीं कर सके और लाहौर पहुंच गए।
एयरपोर्ट पर दोनों देशों के पीएम ने एक-दूसरे को गले लगाया और फिर लाहौर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पाक पीएम के आधिकारिक हेलीकॉप्टर से पीएम मोदी, शरीफ के पुश्तैनी घर रायविंड पैलेस पहुंचे।
जब पीएम मोदी पहुंचे तो पीएम शरीफ ने कहा, 'आखिरकार आप आ ही गए।' पाक विदेश मंत्रालय की ओर से इस बात की जानकारी दी गई।












Click it and Unblock the Notifications