PIA Airbus 320 crash: कराची में अब तक मिली 82 लाशें, और शवों की तलाश जारी
कराची। पाकिस्तान के शहर कराची में शुक्रवार को उस समय एक बड़ा हादसा हो गया जब पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) का विमान एयरबस 320 रिहायशी इलाके के करीब क्रैश हो गया। विमान में करीब 100 लोग सवार थे और माना जा रहा है कि सभी की इसमें मौत हो गई है। अब तक 82 शव बरामद कर लिए गए हैं और बाकी शवों की तलाश जारी है।
Recommended Video

एक हफ्ते पहले ही हटाए गए थे प्रतिबंध
कराची के जिन्ना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इस विमान को लैंड करना था मगर लैंडिंग से चंद सेकेंड पहले ही घनी आबादी वाले इलाके में यह क्रैश हो गया। अधिकारियों के मुताबिक एक हफ्ते पहले ही सरकार ने कोरोना वायरस की वजह से उड़ानों पर लगे प्रतिबंध को हटाया था। पीआईए की फ्लाइट संख्या पीके-8303 लाहौर से कराची आ रही थी। फ्लाइट मलीर में करीब मॉडल कॉलोनी के करीब जिन्ना गार्डन में क्रैश हो गई। फ्लाइट में 91 यात्री और आठ क्रू मेंबर्स थे और सभी जिन्ना हाउसिंग सोसायटी में हुए हादसे में मारे गए हैं। मॉडल कॉलोनी इलाके में जहां प्लेन क्रैश हुआ वहां पर काला धुंआ भर गया था।
रिहायशी इलाके के लोग भी चपेट में
सिंध की स्वास्थ्य मंत्री अजरा पेशुहो ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार देर रात तक 82 शवों को बरामद कर लिया गया था। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जो शव बरामद हुए हैं वे सभी फ्लाइट में सवार यात्रियों के हैं या फिर रिहायशी इलाके में रहने वाले उन नागरिकों के भी हैं जो इस हादसे की चपेट में आए हैं। उन्होंने कहा कि बैंक ऑफ पंजाब के प्रेसीडेंट जफर मसूद इस हादसे में बच गए हैं। हादसे के तुरंत बाद उन्होंने अपनी मां को फोन करके अपने जिंदा होने की जानकारी दी। घायलों के बारे में अभी तक कोई भी जानकारी नहीं है। साल 2016 के बाद पाकिस्तान में बड़ा विमान हादसा रिकॉर्ड किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications