पाकिस्तान के पेशावर में आतंकी हमला में AIG की मौत, 6 पुलिसकर्मी जख्मीं
पेशावर। पाकिस्तान के पख्तुनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर में शुक्रवार को हुए एक आत्मघाती हमले से शहर में अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में हमलावर ने अपनी मोटरसाइकिल से एक वाहन में टक्कर मार दी, जिससे पाकिस्तान के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (AIG)और उनके गनमैन की मौत हो गई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि वहां से गुजर रहे वाहनों की खिड़कियों के शीशे तक टूट गए और पास के पेड़ों में आग लग गई। स्थानीय न्यूज चैनल ने सिटी पुलिस ऑफिसर (सीसीपीओ) ताहिर खान के हवाले से बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार आत्मघाती बम हमलावर ने पुलिस के काफिले को निशाना बनाया था।

पुलिस ने बताया कि विस्फोट में अतिरिक्त महानिरीक्षक (AIG) मुख्यालय के अशरफ नूर और उनके गनमैन की मौत हो गई और वाहन की सुरक्षा में साथ जा रहे छह पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि अशरफ नूर कुछ काम के सिलसिले में बाहर निकले थे उसी दौरान रास्ते में उनके वाहन पर हमलावर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन हमले की चपेट में आ गया। धमाके के बाद पूरा इलाका धुआं-धुआं हो गया।
सीसीपीओ ने एआईजी की मौत की पुष्टि की और कहा कि इस हमले में कम से कम छह पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिन्हें हयाताबाद मेडिकल कॉम्प्लेक्स में भर्ती कराया गया है। विस्फोट के बाद सुरक्षा अधिकारियों ने इलाके की घेराबंदी की और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। रिपोर्ट के मुताबित तत्काल किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी ने पेशावर में हुए विस्फोट की कड़ी निंदा की है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पुलिसकर्मियों की शहादत को सलाम किया। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों की कायरतापूर्ण कार्रवाई हमारी कानून-प्रवर्तन एजेंसियों और देश को डरा नहीं सकतीं।












Click it and Unblock the Notifications