पाकिस्तान के PM इमरान खान ने दुनिया से की कर्ज की मांग, कहा-कोरोना वायरस से जंग के लिए जरूरी
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि वह विकासशील देशों को कर्ज के जरिए राहत पहुंचा कोविड-19 की जंग में उनकी मदद करें। पाकिस्तान मे इस कोरोना मरीजों की संख्या 5,230 है। इमरान ने रविवार को एक वीडियो मैसेज के जरिए यह अपील की है। इमरान का कहना है कि वित्तीय कमी के चलते कोरोना वायरस को रोकने की कोशिशें नाकाम हो रही हैं। इसी समय लोगों को भी मदद की जरूरत है।

इमरान बोले कोविड-19 सबसे बड़ी चुनौती
इमरान ने कहा, 'कर्ज राहत में वैश्विक पहल सभी लोगों को एक मंच पर साथ लेकर आएगी और इससे स्वास्थ्य और आर्थिक प्रतिक्रिया में सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।' उन्होंने इस बात की तरफ भी ध्यान दिलाया कि कोविड-19 ने दुनिया के सामने असाधारण आर्थिक और स्वास्थ्य चुनौतियां पैदा कर दी है। इमरान ने कहा कि दुनिया भर में आर्थिक मंदी है और इसकी वजह से हर तरफ निराशा का माहौल है। उन्होंने कहा कि पिछले हफ्ते कई तरह की घोषणाएं कई सेक्टर्स जैसे यूनाइटेड नेशंस (यूएन), अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) और वर्ल्ड बैक की तरफ से की गई है।

पाकिस्तान में कहां कितने मरीज
इसमें आईएमएफ की तरफ से 1.4 बिलियन डॉलर की मदद और वर्ल्ड बैंक की तरफ से एक बिलियन डॉलर की मदद भी शामिल है। इमरान खान ने इसके साथ ही यह जानकारी भी दी कि उनकी सरकार से आठ बिलियन डॉलर का पैकेज पाकिस्तान में ऐसे लोगों के लिए तय किया है जिन पर खतरा सबसे ज्यादा है। पाकिस्तान के पंजाब में कोरोना के 2,464 केस, सिंध में 1,411, खैबर पख्तूनख्वां में 744, बलूचिस्तान में 228, गिलगित बाल्टीस्तान में 224, इस्लामाबाद में 119 और पीओके में 40 मरीज हैं।

सार्क फंड से भी मांगे तीन मिलियन डॉलर
पाकिस्तान ने पिछले दिनों सार्क देशों की तरफ से कोविड-19 पर बने फंड से तीन मिलियन डॉलर की रकम मांगी है। 15 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्क देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वार्ता की थी। इस दौरान ही एक इमरजेंसी फंड का प्रस्ताव दिया था। आठ देशों वाले संगठन में भारत की तरफ से 10 मिलियन डॉलर दिए गए थे। पाकिस्तान सबसे आखिरी देश था जिसने इस फंड में योगदान दिया था। पाक की तरफ से तीन मिलियन डॉलर का योगदान दिया था। भारत ने इस पर पाक को जवाब देते हुए कहा कि किसी भी देश की गंभीरता का अंदाजा उसके बर्ताव से लगाया जा सकता है

कोरोना वायरस की जगह जम्मू कश्मीर पर उलझा पाक
पाकिस्तान एक बार फिर से जम्मू कश्मीर मसले पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की शरण में जा पहुंचा है। एक तरफ जहां भारत समेत पूरी दुनिया कोविड-19 से निबटने के तरीकों पर चर्चा कर रहा है तो प्रधानमंत्री इमरान खान की सुई अभी तक जम्मू कश्मीर पर ही अटकी है। जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटने के बाद यहां पर पिछले दिनों गृह मंत्रालय की तरफ से नई डोमिसाइल नीति लाई गई है। पाक को इस नीति की वजह से मिर्ची लगी हुई है और उसके विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने यूएनएससी में भारत पर आरोप लगाया कि कोविड-19 की आड़ में वह कश्मीर की स्थिति बदलने की कोशिश कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications