बोले नवाज शरीफ, बात करने के लिए पीएम मोदी आए थे उनके पास
लंदन। फ्रांस की राजधानी पेरिस में जलवायु परिवर्तन में हिस्सा लेकर लंदन पहुंचे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने भारत के पीएम नरेंद्र मोदी के साथ उनकी मुलाकात पर बयान दिया है।

पीएम नवाज शरीफ की मानें तो पीएम मोदी के साथ उनकी मुलाकात काफी सुखद रही। नवाज ने इसके साथ ही यह भी कहा कि बातचीत के लिए वह नहीं बल्कि खुद पीएम मोदी उनके पास आए थे।
पाकिस्तान के न्यूज पेपर द डॉन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात सिर्फ एक संयोग थी।
पाकिस्तान सरकार में एक सीनियर डिप्लोमैट के हवाले से इस न्यूजपेपर में लिखा है कि पीएम मोदी जब लाउंज से गुजरे तो उन्होंने देखा कि नवाज शरीफ वहीं बैठे हैं।
इसके बाद पीएम मोदी खुद पीएम नवाज शरीफ के पास आए और फिर दोनों नेताओं ने आपस में हाथ मिलाया। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच कुछ मिनट तक बातचीत भी हुई।
नवाज शरीफ के मुताबिक पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच आए गतिरोध से रिश्ते बिगड़ने की बात कही और कहा कि इससे दोनों देशों का नुकसान है, इसलिए बातचीत से इसे सुलझाया जाए। इसके अलावा कुछ सवाल पाकिस्तान के आंतरिक मुद्दों और पेरिस दौरे से जुड़े थे।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा कि पाक पूरी मंशा के साथ आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। वह इस मुद्दे पर हर देश का सहयोग करने को भी तैयार है।
नवाज ने यह भी बताया कि पाकिस्तान आतंकवाद को खत्म करने के लिए काफी पैसा भी खर्च कर रहा है और इस समस्या से जल्द निपट लेगा।












Click it and Unblock the Notifications