पाकिस्तान के पीएम इमरान खान बोले उनका देश सिखों का मक्का मदीना
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि उनका देश सिखों के लिए मक्का मदीना है क्योंकि उनके देश में सिखों का सबसे पावन स्थल है। इमरान ने यह बात यूएई में आयोजित एक कार्यक्रम में कह। उन्होंने यहां पर कहा कि उनके देश में अब सिखों के लिए पवित्र स्थलों को खोला जाएगा। इमरान खान ने लाहौर से 125 किलोमीटर दूर नारोवाल में करतारपुर कॉरिडोर की नींव रखी थी। करतारपुर में स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब को भारत के पंजाब के गुरदासपुर में स्थित डेरा बाबा नानक से इस कॉरिडोर के जरिए जोड़ा जाएगा।

सिखों के धर्मस्थलों पर की बात
इमरान खान यूएई के उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के निमंत्रण पर वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट के सातवें संस्करण में भाग लेने के लिये संयुक्त अरब अमीरात की एक दिन की यात्रा पर पहुंचे थे। इमरान ने कहा, 'हमारे पास सिखों का पवित्र स्थल है और हम सिखों के लिए उन स्थलों को खोल रहे हैं।' पाकिस्तान के प्रधानमंत्री खान ने कहा कि हमने अपने वीजा व्यवस्था को खोल दिया है। पहली बार 70 देशों के लोग पाकिस्तान आकर हवाई अड्डे से वीजा ले सकते हैं। भारत और पाकिस्तान दोनों ही करतारपुर में स्थित गुरुद्वारे दरबार साहिब को जोड़ने वाले कॉरिडोर को खोलने पर रजामंद हो गए हैं।
पाकिस्तान ने ऐलान किया है कि एक विशेष प्रतिनिधि दल 13 मार्च को भारत आएगा। पाक से आया विशेष प्रतिनिधिदल सिख तीर्थयात्रियों को दर्शन की मंजूरी के लिए बनाए गए फाइनल ड्राफ्ट पर भारत की मंजूरी के लिए देश आएगा। इस कॉरिडोर के जरिए सिख तीर्थयात्रियों को पाकिस्तान में वीजा फ्री एंट्री मिल सकेगी। पाक की तरफ से भारतीय दल को दौरे के लिए 28 मार्च का प्रस्ताव दिया गया है। पाक को उम्मीद है कि भारत से इस मुद्दे पर सकारात्मक प्रतिक्रिया की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications