पेरिस हमले के बाद नसीहत देने वाला पाक, कहा जर्ब-ए-अज्ब है एक मिसाल
इस्लामाबाद। लश्कर-ए-तैयबा, हक्कानी नेटवर्क, तालिबान और जमात-उद-दावा जिसके आंगन में पल रहे हैं, वहां से अब आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई के लिए न सिर्फ दुनिया को एक सीख दी गई है, बल्कि अपनी तारीफ भी की गई है।

26/11 हमले में ढिलाई बरतने वाले पाकिस्तान ने पेरिस आतंकी हमले पर बयान जारी किया है। पाक ने नसीहत दी है कि दुनिया को अपने निजी हितों को एक किनारे रखकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़नी होगी।
फिर खुद को बताया पीड़ित
कश्मीर के नाम पर भारत में आतंकवाद का खेल खेलने वाले पाकिस्तान ने एक बार फिर खुद को आतंकवाद का पीड़ित बताया है। पाक के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि आतंकवाद के खिलाफ जीत के लिए पूरी दुनिया को अपने निजी हितों को किनारे रखकर एकजुट होना होगा।
जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, आसिफ ने कहा कि पेरिस पर हमला निंदनीय है और पाकिस्तान कई मौकों पर ऐसी तकलीफ से गुजर चुका है। पाक का यह बयान इसलिए भी काफी अहम है क्योंकि उसके यहां पर हाफिज सईद जैसे आतंकी खुलेआम घूम रहे हैं।
जर्ब-ए-अज्ब एक मिसाल
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के आपरेशन जर्ब-ए-अज्ब ने दुनिया के सामने एक मिसाल पेश की है। इस जंग को जीतने के लिए दुनिया को धार्मिक, जातीय और राष्ट्रीय हितों को किनारे रखकर समान शत्रु के खिलाफ एकजुट होना होगा।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री का यह बयान पाक के दोगले रवैये को सामने लाने के लिए काफी है। एक ओर उनके प्रधानमंत्री कश्मीर की अलगाववादी नेता आसिया अंद्राबी को समर्थन देते हैं तो दूसरी ओर रक्षा मंत्री आतंक के खिलाफ लड़ाई की बात करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications