अब पाक ने कश्मीर हालातों पर यूएनएससी में की अपील
न्यूयॉर्क। भारत की ओर से फटकार लगाने के बाद भी पाकिस्तान कश्मीर मुद्दे पर हस्तक्षेप करने से बाज नहीं आ रहा है। अब पाकिस्तान ने यूनाइटेड नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल (यूएनएससी) के पांच स्थायी सदस्य देशों (पी-5) से कहा कि वे कश्मीर में तनावपूर्ण हालात पर गौर करें और भारत से अपील करें कि वह हिंसा प्रभावित घाटी में लोगों के 'मानवाधिकारों का सम्मान' करे।

विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय (एफओ) ने कहा कि विदेश सचिव एजाज अहमद चौधरी ने चीन, फ्रांस, रूस, ब्रिटेन और अमेरिका के दूतों को कश्मीर के हालात की जानकारी दी। एफओ ने एक बयान में कहा, 'उन्होंने (चौधरी ने) भारतीय सुरक्षा बलों द्वारा आम लोगों की जघन्य हत्या और उनके अन्य मौलिक मानवाधिकारों के हनन के मुद्दे पर पाकिस्तान की गंभीर चिंता जाहिर की।'
भारत कर रहा निर्दोष लोगों की हत्या
विदेश सचिव ने यह दावा करने की भारत की कोशिशों को भी खारिज कर दिया कि कश्मीर संबंधी मुद्दा उसका 'अंदरूनी मामला' है और जोर दिया कि 'जम्मू-कश्मीर की विवादित प्रकृति यूएनएससी प्रस्तावों के लागू होने का इंतजार कर रही है।' चौधरी ने कहा कि 'आतंकवाद की आड़ में निर्दोष कश्मीरी लोगों की हत्या की अनदेखी नहीं की जा सकती।'
भारत ने पाक को लगाई थी फटकार
गौरतलब है कि भारत ने सोमवार को उस वक्त पाकिस्तान से कहा था कि वह उसके अंदरूनी मामलों में दखल न दे, जब प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने बयान जारी कर कश्मीर में हुई एक मुठभेड़ में हिज्बुल कमांडर बुरहानी वानी की मौत पर 'आश्चर्य' जाहिर किया था।












Click it and Unblock the Notifications