पीएम मोदी नवाज शरीफ को नहीं हाफिज सईद को देते हैं जवाब, लश्कर चीफ का दावा
लश्कर-ए-तैयबा के सरगना और मोस्ट वांटेंड आतंकी हाफिज सईद ने कहा भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नवाज शरीफ नहीं बल्कि वह जवाब देता है। कहा पीएम मोदी जवाब उसको देते हैं न कि नवाज शरीफ को।
मुजफ्फराबाद। लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद ने एक चौंकाने वाला खुलासा अपनी एक रैली में किया है। पीओके के मुजफ्फराबाद में बुधवार को हुई एक रैली में हाफिज सईद ने कहा है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जवाब नहीं देते हैं, बल्कि लश्कर का यह बिग बॉस उनको जवाब देता है।

खुदा के रहम से पीएम मोदी को जवाब
हाफिज सईद रैली में कहा, 'पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने मोदी को कोई जवाब नहीं दिया। यह तो मैं हूं जो मोदी को खुदा के रहम से जवाब देता हूं। मोदी हमेशा मेरे जवाब को स्वीकारते हैं।'हाफिज यहीं नहीं रुका उसने कहा कि भारत में बहुत अच्छी फिल्में बनती हैं और यह देश फिल्में बनाने में माहिर है। इसके साथ हाफिज ने एक बार फिर सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर के बारे में कई बातें कहीं। सईद ने कहा, 'आपने बहुत अच्छी फिल्म बनाई जब आपने दावा किया कि आपने लाइन ऑफ कंट्रोल के उस पार एक सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया।' उसका कहना था कि भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक वाली फिल्म भी दुनिया को मूर्ख बनाने के लिए बनाई थी। इस रैली में सईद ने हाल ही में जम्मू के अखनूर सेक्टर में हुए आतंकी हमले के बारे में बातें कीं। उसने कहा कि यह हमला जम्मू में था जिसके बारे में भारत कहता है कि कोई भी इस इलाके में दाखिल होने की हिम्मत नहीं कर सकता है। यह भारत पर एक सर्जिकल स्ट्राइक थी और ऑपरेटिव्स ने कैंप की सफाई कर दी। पिछले दिनों अखनूर में जनरल रिजर्व इंजीनियरिंग फोर्स के कैंप पर हुए आतंकी हमले में तीन कर्मियों की मौत हो गई थी।
हाफिज के आगे मजबूर पाक सरकार
इस नई रैली से फिर से साबित हो गया है कि पाकिस्तान में हाफिज सईद कितना आजाद है और सरकार कितनी मजबूर है। दिसंबर में एक खबर आई थी कि नवाज शरीफ सरकार लश्कर-ए-तैयबा और जमात-उद-दावा के सरगना हाफिज सईद को बैन कर सकती है। एक रिपोर्ट में कहा गया कि सरकार पर हाफिज के सार्वजनिक तौर पर रैली करने और सार्वजनिक जगहों पर उसकी मौजूदगी को लेकर दबाव बढ़ रहा है। लेकिन हाफिज की इस नई रैली से सरकार के मजबूत इरादों का पता लगता है। हाफिज सईद पर अमेरिका ने 10 मिलियन का इनाम रखा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications