सरकार जाते ही इमरान खान ने शुरू किया 'नया स्वतंत्रता संग्राम', कहा- जनता करेगी लोकतंत्र की रक्षा
इस्लामाबाद, 10 अप्रैल: प्रधानमंत्री की कुर्सी अपने पास रखने के लिए इमरान खान ने दर्जनों हथकंडे अपनाए, लेकिन शनिवार देर रात बहुमत सिद्ध नहीं होने की वजह से उनकी सरकार गिर गई। इसके बाद भी इमरान ने हार नहीं मानी है। रविवार को उन्होंने इस्लामाबाद में अपनी पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक में हिस्सा लिया। जहां आगे की रणनीति तैयार की गई। अब वो लोगों से दोबारा स्वतंत्रता संग्राम शुरू करने की अपील कर रहे हैं।

इमरान ने ट्वीट कर लिखा कि 1947 में पाकिस्तान एक स्वतंत्र देश बना, लेकिन स्वतंत्रता संग्राम आज फिर से सत्ता परिवर्तन की एक विदेशी साजिश के खिलाफ शुरू होता है। हमेशा देश के लोग ही अपनी संप्रभुता और लोकतंत्र की रक्षा करते हैं। इसके अलावा इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने नेशनल असेंबली में सामूहिक इस्तीफा देने का फैसला किया है। सूत्रों के मुताबिक जब शाहबाज शरीफ का शपथ ग्रहण हो जाएगा, तो उनकी पार्टी के सदस्य इस्तीफा देना शुरू करेंगे।
अमेरिका को लगातार बता रहे जिम्मेदार
इमरान खान के खिलाफ विपक्ष ने अविश्वास प्रस्ताव लाया था, जिसको 174 वोट मिले। सरकार गिराने के लिए इमरान अमेरिका को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। उनका कहना है कि अमेरिका के इशारे पर ही ये अविश्वास प्रस्ताव आया है। इसके पीछे की वजह उनकी रूस यात्रा भी थी, जिससे अमेरिका चिढ़ा हुआ था। उन्होंने खुद के पास विदेशी साजिश के सबूत होने का भी दावा किया।
अमेरिका ने किया पलटवार
वहीं अमेरिका ने भी अब इमरान के आरोपों पर चुप्पी तोड़ी है। वाशिंगटन ने कहा कि उनके अधिकारी पाकिस्तान के हर घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। इमरान खान का आरोप बेबुनियाद है। उनका ये कहना भी गलत है कि मास्को की यात्रा की वजह से अमेरिका ने उनकी सरकार गिरवाई है।












Click it and Unblock the Notifications