इमरान खान के पैर में नहीं था फ्रैक्चर, यूरिन में मिला कोकीन, मानसिक स्थिति भी नहीं ठीक- पाक स्वास्थ्य मंत्री
इमरान खान की मेडिकल रिपोर्ट से चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। 5-6 महीने तक अपने पैर में प्लास्टर दिखाने वाले इमरान खान की रिपोर्ट में फ्रैक्चर का कोई जिक्र नहीं है।

अल-कादिर ट्रस्ट मामले में गिरफ्तार पाकिस्तान पूर्व प्रधानमंत्री व तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) प्रमुख इमरान खान की मेडिकल रिपोर्ट शुक्रवार को सामने आई। पाकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री अब्दुल कादिर पटेल ने रिपोर्ट का हवाला देते हुए मीडिया को बताया कि इमरान खान की मेडिकल रिपोर्ट में किसी भी तरह के फ्रैक्चर का कोई जिक्र नहीं है, जबकि वो 5-6 महीने तक अपने पैर में प्लास्टर लगाए हुए थे।
पटेल ने यह भी बताया कि खान के यूरिन सैंपल में कोकीन और अल्कोहल के इस्तेमाल की बात सामने आई है। आपको बता दें कि बीती 9 मई को इमरान खान की गिरफ्तारी के वक्त पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ने उनका सैंपल लिया था। जिसकी रिपोर्ट स्वास्थ्य मंत्री अब्दुल कादिर पटेल ने मीडिया के आगे पेश की है।
'मानसिक स्थिति ठीक नहीं'
स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि रिपोर्ट में खान के मानसिक स्वास्थ्य के बारे में भी उल्लेख किया गया है। जिसके अनुसार, उनके काम और हाव-भाव एक फिट व्यक्ति के नहीं हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि स्थिर मानसिक स्वास्थ्य वाला व्यक्ति इस प्रकार के हावभाव नहीं करता है।
पटेल ने कहा कि मैं भी कहा करता था कि इमरान खान की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद इसे पुलिस को भेजा जाएगा। पटेल ने बताया कि सीनियर डॉक्टरों के 5 सदस्यीय पैनल ने इमरान खान की मानसिक स्थिरता संदिग्ध बताई है।












Click it and Unblock the Notifications