गुलजार अहमद हो सकते हैं पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री, इमरान खान ने किया नॉमिनेट
नई दिल्ली, 4 अप्रैल: पाकिस्तान में सियासी संकट बरकरार है। संसद भंग करने के बाद सोमवार को इमरान खान ने पाकिस्तान के पूर्व चीफ जस्टिस गुलजार अहमद का नाम कार्यवाहक प्रधानमंत्री के लिए राष्ट्रपति के पास भेजा। हालांकि विपक्ष लगातार संसद भंग वाले फैसले का विरोध कर रहा है। विपक्ष का कहना है कि उनके पास पूर्ण बहुमत है, लेकिन उसे संसद में सिद्ध नहीं करने दिया गया।

पाकिस्तान मीडिया के मुताबिक गुलजार अहमद ने 21 दिसंबर 2019 को सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदभार ग्रहण किया था। वो 1 फरवरी 2022 तक इस पद पर रहे। संसद भंग होने के बाद राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने प्रधानमंत्री इमरान खान और निवर्तमान नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता से कार्यवाहक प्रधानमंत्री के लिए एक व्यक्ति का नाम भेजने को कहा था। जिस पर इमरान ने गुलजार को कार्यवाहक पीएम बनाने की मांग की है।
ये रहा अब तक का घटनाक्रम
पाकिस्तानी संसद (नेशनल असेंबली) में 342 सदस्य हैं, जिसमें बहुमत के लिए 172 सीटें चाहिए। विपक्ष का दावा है कि उनके पास 174 सदस्यों का समर्थन है। ऐसे में उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग की मांग की, लेकिन संसद के उपाध्यक्ष कासिम सूरी ने उसे खारिज कर दिया। इसके बाद इमरान खान की मांग पर राष्ट्रपति ने संसद भंग कर 90 दिनों में चुनाव करवाने का आदेश दिया। हालांकि इस मामले को लेकर विपक्ष सुप्रीम कोर्ट गया है, वहां मंगलवार को फैसला आने की उम्मीद है।
Recommended Video
सेना पर नजर
पाकिस्तान के किसी भी प्रधानमंत्री ने अपना कार्यकाल पूरा नहीं किया है। हर बार सेना की दखल की वजह से वहां पर सरकार बदलती रहती है। इस बार भी इमरान खान से ज्यादा लोगों की नजर पाकिस्तानी सेना पर है। हालांकि सेना ने एक बयान जारी कर कहा था कि उसका देश की राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। उसके अधिकारी इस राजनीतिक उठापटक से दूर हैं।












Click it and Unblock the Notifications