गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे इमरान खान, कहा- बाथरूम नहीं जाने दिया, मेरी हत्या की प्लानिंग
इमरान खान ने अपनी गिरफ्तारी को सुप्रीम कोर्ट में चैलेंज किया। उनका दावा है कि उनकी गिरफ्तारी कानून के तहत नहीं हुई।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष इमरान खान की गिरफ्तारी को लेकर बवाल जारी है। इस बीच उन्होंने अपनी गिरफ्तारी को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। साथ ही दावा किया कि उनकी हत्या की प्लानिंग रची जा रही।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अल-कादिर ट्रस्ट मामले में इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी का आदेश दिया था। उस आदेश को रद्द करने की मांग को लेकर वो सुप्रीम कोर्ट गए हैं। उन्होंने हाईकोर्ट के फैसले को 'त्रुटियों से भरा' बताते हुए उसे गैरकानूनी कहा।
इमरान ने कोर्ट को बताया कि एनएबी जिस राशि को भ्रष्टाचार बता रही है, वो पहले से ही सुप्रीम कोर्ट के खाते में जमा है, ऐसे में सरकार इसे कहीं भी स्थानांतरित कर सकती है। वहीं इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने जो फैसला दिया है, वो पाकिस्तानी संविधान के अनुच्छेद 10ए के खिलाफ है।
उन्होंने एनएबी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। याचिका में इमरान ने कहा कि सामान्य पूछताछ को कब जांच में बदल दिया गया, उनको कोई जानकारी नहीं मिली।
हत्या का शक जताया
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक इमरान खान ने अपनी हत्या का शक जाहिर किया है। उन्होंने कोर्ट का बताया कि उनको स्लो प्वाइजन यानी धीमा जहर दिया जा रहा। कुछ ऐसे इंजेक्शन उन्हें लगाए जा सकते हैं, जिससे उनकी मौत हो जाएगी। उन्होंने मकसूद चपरासी केस का उदाहरण दिया।
इमरान खान ने कोर्ट को बताया कि उनको 24 घंटे से वॉशरूम नहीं जाने दिया गया। ऐसे में उनको उनके निजी डॉक्टर से इलाज करवाने दिया जाए। उनको किसी दूसरे डॉक्टर पर भरोसा नहीं है।
कौन था मकसूद चपरासी?
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और उनके परिवार के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस चल रहा था। जिसमें मकसूद चपरासी मुख्य गवाह था। उसकी हार्ट अटैक से मौत हो गई। कुछ लोगों ने शक जाहिर किया था कि उसकी हत्या की गई और फिर उसे हार्ट अटैक दिखाया गया।












Click it and Unblock the Notifications