इमरान खान ने मान लिया कि पाकिस्तान में हिंदुओं को जबरन कबूल करवाया जाता है इस्लाम
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की विपक्षी पार्टी पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ (पीटीआई) के नेता इमरान खान ने जो बात कहीं है उसने इस बात पर मोहर लगा दी है कि पाकिस्तान में हिंदुओं पर जुल्म किए जाते हैं। इमरान खान ने कहा है कि जो हिंदू सताए जाने के कारण देश को छोड़कर चले गये हैं वे सभी उनकी पार्टी के सत्ता में आने के बाद वापस आ जायेंगे। इतना ही नहीं इमरान खान ने ये भी कहा कि मैं हिंदू और कलाशा समुदाय के उन लोगों के प्रति काफी दु:ख महसूस करता हूं जिन्हें जबरन इस्लाम कबूल करने के लिए मजबूर किया गया।

आपको बता दें कि इमरान खान ने ये बात बीती रात संसद के सामने प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कही। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के इस्तीफे की मांग को लेकर 14 अगस्त को प्रारंभ किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद इस तरह का संबोधन उनकी दैनिक क्रिया का हिस्सा है। इमरान ने कहा कि जबरन इस्लाम कबूल करवाना हमारे धर्म की धारणा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों ने इस्लाम को उनके अच्छे आचरण के आधार पर फैलाया न कि किसी तरह की जबरदस्ती करके।
इमरान खान ने कहा कि अल्पसंख्यकों को सुरक्षा, न्याय और समान अधिकार दिए जायेंगे जो कि देश के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना के सिद्धांतों के अनुरुप होंगे। खान ने प्रदर्शन के 67वें दिन कहा, हम कमजोरों को सशक्त करेंगे और उन्हें सुरक्षा देंगे। पार्टी ने कांस्टीट्यूशन एवेन्यू पर अल्पसंख्यक दिवस भी मनाया। इसमें ईसाई, हिंदू और सिख समुदायों के प्रतिनिधि मौजूद थे। उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हिंदुओं के साथ दीवाली भी मनायी।












Click it and Unblock the Notifications