आतंकी हाफिज बोला-'कश्मीर में होगी ऐसी सर्जिकल स्ट्राइक जिसे याद रखेगा भारत'
मोस्ट वांटेंड आतंकी और लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद ने दी कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक की धमकी।
लाहौर। लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेंड आतंकी और मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद ने भारत को फिर से एक बार धमकाया है। इस बार हाफिज सईद ने कहा है कि जल्द ही कश्मीर में एक सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया जाएगा।

भारत हमेशा रखेगा याद
जमात-उद-दावा के मुखिया हाफिज सईद की मानें तो कश्मीर में मुजाहिदीन ऐसी सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम देंगे जिसे भारत हमेशा याद रखेगा।
हाफिज के मुताबिक भारत ने एलओसी पार करके किसी सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम नहीं दिया है। हाफिज सईद का एक नया वीडियो आया है और इस वीडियो में ही वह यह धमकी देता नजर आ रहा है।
उसने कहा कि दुनिया ने भी यह बात मानी है कि भारत ने किसी सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम नहीं दिया है और भारत कभी ऐसा नहीं कर सकता है।
पीएम मोदी का भी जिक्र
आतंकी हाफिज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी नाम लिया। हाफिज ने कहा, 'नरेंद्र मोदी को जो करना था, उसने कर लिया अब मुजाहिदीनों की बारी है।'
सईद ने पीओके स्थित मीरपुर में रविवार को आयोजित एक रैली में यह धमकी दी। 10 मिलियन डॉलर का इनामी आतंकी हाफिज जब रैली को संबोधित कर रहा था तो पीछे से 'जेहाद-जेहाद' की आवाजें आ रही थीं।












Click it and Unblock the Notifications