अब जनता के सामने 'बेइज्जत' होंगे इमरान खान! इस्लामाबाद HC के आदेश से बुशरा बीबी भी नहीं बचा पाएंगी
इस्लामाबाद, 20 अप्रैल: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहुत बड़ी फजीहत होने वाली है। एक पाकिस्तानी हाई कोर्ट ने सरकार से उन सभी गिफ्ट का हिसाब मांग लिया है, जिन्हें विदेश जाकर बेच आने का उनपर आरोप लगा है। अदालत ने सरकार से कहा है कि जितने भी गिफ्ट की बात है, उन सबकी डिटेल सार्वजनिक कर दी जाए। गौरतलब है कि इमरान खान पर जब पाकिस्तानी पीएम के तौर पर मिले गिफ्ट बेचने के आरोप लगे थे, तो उन्होंने ठसक में कहा था कि गिफ्ट मुझे मिले थे, लिहाजा मैं बेचूं या जो करूं। लेकिन, अब उनकी सार्वजनिक 'बेइज्जती' का रास्ता अदालत ने ही खोल दिया है।

इमरान खान को मिले गिफ्ट की डिटेल सार्वजनिक होगी
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर पद पर रहते हुए मिले विदेशी गिफ्ट को बेचने का आरोप गंभीर शक्ल अख्तियार कर लिया है। इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने बुधवार को सरकार को हुक्म दिया है कि अगस्त, 2018 में जबसे इमरान खान ने कुर्सी संभाली थी, तब से लेकर उन्हें जितने भी गिफ्ट मिले हैं, उसकी पूरी डिटेल सार्वजनिक कर दी जाए। अदालत ने अपने आदेश में साफ कहा है कि कानून से कोई भी ऊपर नहीं है। डिप्टी अटॉर्नी जनरल को निर्देश देते हुए इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने कहा है, 'पूर्व पीएम इमरान खान को जितने भी विदेशी गिफ्ट मिले हैं, उसके डिटेल अगली सुनवाई में पेश की जाए।'

14 करोड़ का गिफ्ट दुबई में बेचा-शहबाज शरीफ
इससे पहले पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इमरान खान पर आरोप लगाया था कि पीएम रहते विदेश यात्राओं में उन्हें जो उपहार मिले थे, उसे उन्होंने बेच दिया, जिसकी कीमत 14 करोड़ रुपये (पाकिस्तानी) है। उन्होंने इमरान पर निशाना साधते हुए कहा था कि 'मैं इसकी पुष्टि कर सकता हूं कि इमरान खान ने तोशाखाना (सरकारी डिपॉजिटरी) से 14 करोड़ रुपये(पाकिस्तानी) मूल्य का उपहार ले लिया और उसे जाकर दुबई में बेच दिया।' उन्होंने कहा कि इन राजकीय उपहारों में हीरे की ज्वेलरी, ब्रेसलेट और बहुमूल्य घड़ियां शामिल हैं।

इमरान के चक्कर में दूसरे भी नपेंगे
एआरवाई न्यूज के मुताबिक अदालत ने पिछले 20 वर्षों में सरकारी पदाधिकारियों को मिले सभी विदेशी उपहारों को बरामद करने का भी निर्देश दिया है। जस्टिस मियांगुल हसन औरंगजेब की एक सदस्यीय बेंच ने सरकारी वकील को हुक्म दिया कि सभी तरह के विदेशी उपहारों की डिटेल सार्वजनिक की जाए। मुकदमे की सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि इमरान खान का गिफ्ट बेचना, 'स्पष्ट रूप से संविधान का उल्लंघन है।'

इमरान बोले थे- मेरा तोहफा, मेरी मर्जी
इससे पहले सोमवार को इमरान खान ने बड़ी ही निर्लज्जता के साथ इस विवाद पर कहा था कि वे सारे गिफ्ट उनके थे और उसका क्या करना है, यह उनकी पसंद का विषय है। इमरान ने कहा था, 'मेरा तोहफा, मेरी मर्जी।' पीटीआई के चेयरमैन ने संवाददाताओं से अनौपचारिक बातचीत में जब यह बयान दिया था तो शायद उन्हें इल्म नहीं रहा होगा कि यही उन्हें मुश्किलों में डाल देगा, जिसे बचाने के लिए शायद उनकी बुशरा बीबी के 'टोने-टोटके' भी काम नहीं आएंगे, जिसका उनपर विरोधी आरोप लगाते रहे हैं।

पीएम के तौर पर इमरान को 58 गिफ्ट मिले थे-रिपोर्ट
रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान के पूर्व पीएम को विदेश यात्राओं के दौरान 58 गिफ्ट मिले थे, जिसकी कीमत 14 करोड़ रुपये बताई जा रही है। ये गिफ्ट उन्हें उनके साढ़े तीन साल के कार्यकाल में वैश्विक नेताओं ने दिए थे, और सबको उन्होंने अपने पास रख लिए थे। लेकिन, अब लगता है कि उनका यही कारनामा उनकी सार्वजनिक 'बेइज्जती' का कारण बनने जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications