पाकिस्तान में मूसलाधार बारिश से 25 लोगों की मौत, बलूचिस्तान में कई लोग घायल, आपातकाल घोषित
कराची, 6 जुलाईः पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बुधवार को मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ के कारण एक ही परिवार की छह महिलाओं सहित कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई है। इसके बाद अधिकारियों को क्वेटा जिले में आपातकाल की घोषणा करनी पड़ी है।

बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के महानिदेशक नसीर अहमद नासर ने कहा कि सभी मौतें बलूचिस्तान के विभिन्न हिस्सों में बारिश से संबंधित घटनाओं के कारण हुई हैं। नसीन के मुताबिक इस मूसलाधार बारिश में कई लोग घायल भी हुए हैं। प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, इस बात की आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि बलूचिस्तान प्रांत के दूरदराज के इलाकों में अचानक आई बाढ़ के कारण कई लोग अभी भी लापता हैं।
300 से अधिक मकान ढ़हे
नासर ने कहा कि क्वेटा जिले में 48 घंटे से चली लगातार बारिश ने 300 से अधिक कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचाया है। अधिकारियों ने कहा कि जान गंवाने वालों में क्वेटा में एक ही परिवार की छह महिलाएं शामिल हैं। बारिश और तेज हवाओं के कारण उनके अस्थायी घर की दीवार गिरने से उनकी मौत हो गई। डॉन अखबार ने अपनी खबर में परिवार के हवाले से कहा कि दो घायल महिलाओं की मौत तो इसलिए हो गई क्योंकि उन्हें अस्पताल ले जाने की कोई व्यवस्था नहीं थी।
क्वेटा जिले में आपातकाल घोषित
क्वेटा के बाहरी इलाके में मकान ढहने से तीन महिलाओं और चार बच्चों की भी मौत हो गई। बलूचिस्तान सरकार ने क्वेटा जिले में आपातकाल घोषित कर दिया है। बलूचिस्तान प्रांत के कई जिलों में पिछले 24 घंटों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई है। अधिकारियों ने कहा कि क्वेटा में गहरे तालाब में डूबने के कारण जान गंवाने वालीं दो लड़कियों के शव मंगलवार रात भोसा मंडी इलाके से बरामद किए गए। क्वेटा जिले में पाकिस्तान-ईरान सीमा से सटे मांड इलाके में तीन बच्चे पानी में डूब गए। इसके अलावा एक मौसमी नाले में पांच कोयला खनिक भी बह गए। स्थानीय लोगों ने उनमें से दो को बचा लिया, जबकि तीन अन्य तेज बहाव में डूब गए।












Click it and Unblock the Notifications