Pakistan: सेना ने 3 टॉप लेवल अधिकारियों को किया बर्खास्त, इमरान खान की गिरफ्तारी वाली हिंसा से कनेक्शन
पाकिस्तानी सेना ने एक लेफ्टिनेंट जनरल समेत देश के तीन सर्वोच्च रैंकिंग अधिकारियों को उनके पदों से बर्खास्त कर दिया। इसके अलावा तीन मेजर जनरल और 7 ब्रिगेडियर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हुई है।
दरअसल पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद 9 मई को पूरे पाकिस्तान में हिंसा हुई थी। उस दौरान कई जगहों पर इमरान के समर्थकों ने जमकर बवाल काटा, जिसके लिए सेना भी उतारी गई। इसके बावजूद भी हालात काबू में नहीं आए। इस मामले में पाकिस्तानी सेना ने अब अपने उच्च अधिकारियों पर कार्रवाई की है।

मामले में सैन्य प्रवक्ता मेजर जनरल अरशद शरीफ ने कहा कि हिंसक घटनाओं में शामिल होने के लिए कुल 102 लोगों पर वर्तमान में सैन्य अदालतों में मुकदमा चल रहा। सेना प्रमुख के आदेश पर मेजर जनरल और ब्रिगेडियरों सहित अन्य 15 सैन्य अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त विभागीय कार्रवाई की गई है।
उन्होंने आगे कहा कि 9 मई की हिंसा के बाद सेना ने दो अलग-अलग जांच करवाई थी। जिसमें इन अफसरों की लापरवाही पाई गई। ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई का फैसला हुआ। हालांकि प्रवक्ता ने अधिकारियों के नाम का खुलासा नहीं किया।
सैन्य प्रवक्ता ने कहा कि 9 मई को जो घटना हुई थी, वो बेहद निराशाजनक और निंदनीय है। उसे पाकिस्तान के इतिहास का काला अध्याय माना जा रहा। 9 मई की घटनाओं ने साबित कर दिया है कि दुश्मन 76 वर्षों में जो नहीं कर सके, वो उपद्रवियों और उनके मददगारों के एक समूह ने कर दिखाया। उन्होंने इस विद्रोह को एक साजिश करार दिया। साथ ही वादा किया कि इसमें शामिल लोगों के खिलाफ संविधान के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।
इमरान पर भी सैन्य अदालत में चलेगा मुकदमा?
इस हिंसा में 11 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 283 लोग घायल हुए थे। माना जा रहा कि इमरान खान के खिलाफ भी सैन्य अदालत में मुकदमा चलेगा। इस मामले में उनकी गिरफ्तारी हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications