LIVE: दिल्ली में 72 प्रशित से ज्यादा मतदान की संभावना

5:05 बजे। शाम पांच बजे तक नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में 74.5 प्रतिशत वोट पड़े हैं। वहीं आरके पुरम व ग्रेटर कैलाश में 80 प्रशित से ज्यादा वोट पड़े।
5 बजे। जिस तरह से अंतिम दौर में तेजी दिखी उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दिल्ली में आज 78 फीसदी तक वोट पड़ेंगे।
4:15 बजे। शाम 4 बजे तक 55 प्रतिशत वोट पड़े।
3:40 बजे। दिल्ली विधानसभा के लिए बुधवार को हो रहे चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों पर दोपहर में लंबी कतारें लगी हुई हैं।
3:25 बजे। दोपहर तीन बजे तक 48 प्रतिशत मतदान। यानी राजधानी में इस बार 75 प्रतिशत से ज्यादा मतदान होने के आसार अभी से दिखने लगे हैं।
3 बजे। शांतिपूर्ण मतदान जारी। कुछ जगहों पर वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने पर मतदाताओं का हंगामा।
2:31 बजे। दोपहर दो बजे तक 46 फीसदी मतदान होने की खबर है।
1:20 बजे। दिल्ली चुनाव आयोग से प्राप्त सूचना के अनुसार दोपहर 1 बजे तक 34 फीसदी मतदान हो चुका था।
1:05 बजे। आरके पुरम से आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी शाजिया इल्मी ने किया वोट।
12.40 बजे। दोपहर 12 बजे तक 23 प्रतिशत मतदान हुआ है। पोलिंग बूथों पर भारी संख्या में लोग नजर आ रहे हैं।
12:25 बजे। दिग्विजय सिंह ने कहा कि शीला जी को एक बार फिर जीतना चाहिये, लेकिन आम आदमी पार्टी कितनी सीटें हासिल कर पाती है, यह देखने वाला होगा।
12:06 बजे। केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने चांदनी चौक इलाके में अपना वोट डाला। साथ ही उन्होंने जनता से अपील की कि वो भी अपने घरों से निकलें।
11:55 बजे। 11 बजे तक 17 प्रतिशत वोट पड़े हैं।
11:45 बजे। सुबह 11.30 बजे तक 22 फीसदी मतदान।
11:35 बजे। धूप तेज होने के साथ-साथ पोलिंग बूथों पर भीड़ बढ़ गई है। लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं।
11:01 बजे: शीला दीक्षित के समर्थन में पड़ा यह ट्वीट।
एक जरूरी बात- 2008 दिल्ली विधानसभा चुनाव में 57.58 फीसदी मतदान हुआ था।
10:42 बजे। चुनाव आयोग से प्राप्त सूचना के अनुसार सुबह 10 बजे तक 10 प्रशित मतदान हुआ।
10:40 बजे। औरंगजेब रोड पर स्थित पोलिंग बूथ पर राहुल गांधी ने अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद कांग्रेस की जीत पर विश्वास जताया।
10:26 बजे। जदयू-कांग्रेस समर्थक भिड़े, पांच घायल। मौके पर पहुंची पुलिस। घायलों को मामूली इलाज के बाद छोड़ा गया।
पढ़ें : जदयू-कांग्रेस समर्थक भिड़े, जमकर चली लाठियां
10:06 बजे। शीला दीक्षित ने कहा कि हर चुनाव कड़ा होता है, पहले बसपा कड़ी टक्कर दे रही थी, अब आम आदमी पार्टी दम लगा रही है। रही बात मोदी की तो दिल्ली की सरकार बनाने से उनसे कोई ताल्लुक नहीं है।
10:00 बजे। सोनिया गांधी पोलिंग बूथ पर पहुंचीं और बूथ पर लाइन में लग गईं, लेकिन सुरक्षाकर्मी ने उनसे लाइन में नहीं लगने की गुजारिश की। जैसे ही सोनिया ने अंदर एंट्री ली, वैसे ही मेनका गांधी भी पहुंच गईं। सुरक्षाकर्मियों ने मेनका को भी सोनिया के साथ पोलिंग स्टेशन के अंदर भेज दिया। जब दोनों बाहर निकल कर आयीं, तो सोनिया ने मेनका की तरफ एक झलक भी नजरें नहीं मिलायीं। हालांकि मेनका सोनिया को देखकर मुस्कुराती रहीं।
9:45 बजे। वोट डालने के बाद शीला दीक्षित बोलीं, यह जंग जरूर जीतेंगे, क्योंकि हमने दिल्ली का सर्वांगीण विकास किया है।
9:33 बजे। लगभग सभी बूथों पर दिल्ली के युवा भारी संख्या में आम आदमी पार्टी का समर्थन करते दिखाई दे रहे हैं।
महत्वपूर्ण बात- भाजपा ने 66 विधानसभा सीटों पर और कांग्रेस तथा आप ने सभी 70 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े किए हैं।
9:20 बजे। चुनाव आयोग के कंट्रोल रूम पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज की।
9:12 बजे: भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार डॉक्टर हर्षवर्धन ने कृष्णानगर में किया मतदान।
9 बजे। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की जनता से अपील की है कि वो घरों से निकलें और वोट जरूर डालें।
8:55 बजे: आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने वोट डाला।
8:33 बजे: दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार डा. हर्षवर्धन ने मतदान शुरु होते ही कहा कि भाजपा सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि लड़ाई है तो वो कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच और वो भी दूसरे नंबर पर आने के लिये।
7:00 बजे: मतदान से पहले दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय देव ने कहा कि हमने सुरक्षित माहौल में निष्पक्ष और स्वतंत्र मतदान कराने के लिए सभी तैयारियां कर ली हैं। मतदान में 1.19 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे जिनमें 4.05 लाख से अधिक वोटर पहली बार चुनाव में शामिल होंगे।
मतदान से पहले की खबर- दिल्ली में मतदान से पहले मंगलवार शाम पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के अलग-अलग हिस्सों से करीब 150 कार्टन शराब और 26 लाख रुपये से ज्यादा नकदी बरामद की है। आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ पुलिस ने बदरपुर, कल्याणपुरी, सराय रोहिल्ला, बिंदापुर, न्यू अशोक नगर, नरेला, सीताराम बाजार और आनंद पर्वत जैसे इलाकों में राजनीतिक दलों की ओर से बांटे जाने वाले शराब कार्टन को जब्त किया। आनंद पर्वत से 68, सीताराम बाजार से 26 और शाहदरा से 60 अवैध शराब की पेटियां जब्त की गई है।
आज होने जा रहे इस चुनाव में भ्रष्टाचार, महंगाई, सुरक्षा और बिजली-पानी अहम मुद्दे हैं। चुनाव के लिए सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस की नजरें मतदान में बाहुबल के इस्तेमाल पर भी लगी हैं। इस बार दिल्ली में पहली बार 9 मॉडल पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जहां वोट देने आए लोगों को खास सुविधाएं मिलेंगी। गौरतलब है कि इस बार चुनाव में कुल 810 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मतदान के लिए 11,993 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं, जिसके लिए 12 हजार पीठासीन अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। चुनाव के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए सुरक्षा और पुलिस बल का पुख्ता इंतजाम किया गया है। पुलिस के 32,801 कर्मी तैनात किए गए हैं। दिल्ली से हमारे संवादाता चुनाव की छोटी-बड़ी खबरों पर नजर बनाए हुए हैं और हर पल का हाल आपतक पहुंचा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications