वो 5 IAS जो साल 2021 में चर्चा में रहे, किसी अफसर के हिस्से आई 'जुदाई' तो कोई 'डबल रोल' में दिखा
नई दिल्ली, 22 दिसम्बर। आईएएस माने नौकरशाही की रीढ़। सबसे बड़ा अफसर। किसी जिले में तो 'तोप' सरीखा। यही वजह है कि आईएएस अधिकारी अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। कोई अपनी निजी जिंदगी के कारण तो कोई अपने फैसलों से।

वन इंडिया हिंदी की ईयर एंडर में ऐसे ही पांच आईएएस अधिकारी सुहास एलवाई, शैलेश कुमार यादव, टीना डाबी, अभिषेक सिंह और रिया डाबी के बारे में जो साल 2021 में चर्चा में रहे।

सुहास एलवाई, बैच 2007 कैडर यूपी
आईएएस अधिकारी सुहास एलवाई का पूरा नाम सुहास लालिनाकेरे यथीराज है। ये वर्तमान में यूपी के गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) के जिला कलेक्टर हैं। साल 2007 बैच के यूपी कैडर के आईएएस अधिकारी सुहास एलवाई पैरालंपिक बैडमिंटन खिलाड़ी भी हैं।
अगस्त 2021 में टोक्यो पैरालंपिक में आईएएस सुहास एलवाई को खिलाड़ी वाले रोल में पूरी दुनिया ने देखा। पैरालंपिक में रजत पदक जीतने वाले पहले आईएएस और विश्व में नंबर दो रैंक के पैरालंपिक बैडमिंटन खिलाड़ी बने।
आईएएस सुहास एलवाई की जीवनी
जन्म स्थान : कनार्टक के हासन में 2 जुलाई 1983 को जन्मे।
शिक्षा : शुरुआती पढ़ाई गांव से हुई।
डिग्री : नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलजी से कम्प्यूटर साइंस से इंजीनियरिंग
माता : जयश्री सीएस
पिता : यथीराज एलके
पत्नी : ऋतु सुहास, यूपी में पीसीएस अफसर
बेटा : विवान
बेटी : सानवी
भाई : सर्थ एलवाई

शैलेश कुमार यादव, बैच 2013 कैडर त्रिपुरा
अप्रैल 2021 को पश्चिम त्रिपुरा से खबर आई कि डीएम साहब शैलेश कुमार यादव आपा खो बैठे और मैरिज हॉल में घुसकर कोरोना गाइडलाइन की पालना के नाम पर पंडित व दूल्हे तक के थप्पड़ जड़ दिया। वीडियो वायरल हुआ और आईएएस शैलेश कुमार यादव सुर्खियों में आ गए।
कौन हैं शैलेश कुमार यादव आईएएस?
2013 बैच के त्रिपुरा कैडर के आईएएस अधिकारी शैलेश कुमार यादव मूलरूप से यूपी के अम्बेडकर नगर के रहने वाले हैं। शुरुआती पढ़ाई सरकारी स्कूल से की है। पश्चिम त्रिपुरा जिले के डीएम के साथ-साथ इन्होंने अगरतला स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ की भी जिम्मेदारी संभाली। इससे पहले अगरतला नगर निगम के आयुक्त रह चुके हैं।

टीना डाबी, बैच 2015 कैडर राजस्थान
यूपीएससी 2015 की टॉपर आईएएस टीना डाबी साल 2021 में अपनी निजी जिंदगी की वजह से चर्चा में रहीं। टीना डाबी ने 2015 के सेकेंड टॉपर अतहर आमिर खान से साल 2018 में लव मैरिज की थी। साल 2021 में इनका तलाक हो गया। 10 अगस्त को जयपुर फैमिली कोर्ट ने इन्हें अलग होने की अनुमति दी। इन्होंने नवंबर 2020 में आपसी सहमति से तलाक की अर्जी लगाई थी।
आईएएस टीना डाबी की जीवनी
बता दें कि टीना डाबी का जन्म मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 9 नवंबर 1993 को हुआ था। वर्तमान में इनका परिवार दिल्ली में रहता है। टीना ने दिल्ली के कॉन्वेंट ऑफ़ यीशु एंड मैरी से स्कूली पढ़ाई की। लेडी श्रीराम कॉलेज से उच्च शिक्षा प्राप्त की। राजनीति विज्ञान में स्नातक किया है। टीना डाबी की माता हिमानी डाबी इंजीनियर व पिता जसवंत डाबी दूरसंचार विभाग में कार्यरत हैं।

रिया डाबी, आईएएस 2021 AIR 15
आईएएस टीना की छोटी बहन रिया डाबी भी सुर्खियों में रहीं। वजह ये है कि बड़ी बहन के नक्शे कदम पर चलकर रिया डाबी ने भी यूपीएससी परीक्षा पास कर डाली। 27 अगस्त 1998 को जन्मी रिया डाबी अपने पहले ही प्रयास में आईएएस बन गईं। रिया डाबी ने 15वीं रैंक हासिल की। फिलहाल ट्रेनिंग पर हैं।

अभिषेक सिंह, बैच 2011, दिल्ली
साल 2021 में आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह सही मायने में डबल रोल में दिखे। एक असफर और दूसरा एक्टर। अप्रैल 2021 में आईएएस अभिषेक का 'तुझे भूलना तो चाहा...' और दिसम्बर में 'स्लो स्लो' गाना यूट्यूब पर अपलोड हुआ। बेहतरीन एक्टिंग के चलते आईएएस अभिषेक सिंह सालभर छाए रहे। पिछले साल इनका 'दिल तोड़ के' गाना भी काफी पसंद किया गया था।

कौन हैं आईएएस अभिषेक सिंह?
बता दें कि आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह उत्तर प्रदेश के जौनपुर के रहने वाले हैं। दिल्ली में डिप्टी कमिश्नर के रूप में सेवा देने वाले अभिषेक सिंह ने 2011 में यूपीएससी परीक्षा पास की थी। अभिषेक की पत्नी दुर्गा शक्ति नागपाल भी आईएएस हैं।












Click it and Unblock the Notifications