भाजपा के खिलाफ लामबंद होने के लिए उद्धव ठाकरे ने फोन कर केसीआर को दिया समर्थन, जल्द होगी दोनों की मुलाकात
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अपने तेलंगाना समकक्ष के चंद्रशेखर राव को भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के खिलाफ राजनीतिक संगठनों को एकजुट करने के प्रयासों के लिए समर्थन दिया है
मुंबई, 16 फरवरी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अपने तेलंगाना समकक्ष के चंद्रशेखर राव को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के खिलाफ राजनीतिक संगठनों को एकजुट करने के प्रयासों के लिए समर्थन दिया है। केसीआर के साथ ठाकरे की टेलीफोन पर हुई बातचीत को भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के साथ चल रही खींचतान के बीच एक बयान के रूप में देखा जा रहा है।

जल्द होगी उद्धव ठाकरे की केसीआर से मुलाकात
इस सप्ताह की शुरुआत में, तेलंगाना के मुख्यमंत्री राव ने कहा था कि वह अपने उद्धव ठाकरे से मिलने के लिए मुंबई जाएंगे। वहीं, शिवसेना के एक नेता ने बताया कि राव के फरवरी के अंत में ठाकरे से मिलने के लिए मुंबई जाने की उम्मीद है। फोन पर दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत को लेकर शिवसेना के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि उद्धव जी ने अपनी संक्षिप्त बातचीत में क्षेत्रीय दलों को केंद्र के खिलाफ एक जुट होने के लिए तेलंगाना के मुख्यमंत्री के प्रयासों का समर्थन किया है। देश के संघीय ढ़ांचे की रक्षा के लिए राज्यों को एक साथ आना ही होगा।
यह भी पढ़ें: तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर के बयान को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने बताया झूठा
भाजपा को घेरने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रयास शुरू
बता दें कि शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने केसीआर की पहल को भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ मजबूत विपक्ष बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया था। राउत ने कहा था कि 2024 में भाजपा को घेरने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रयास शुरू हो गया है और यह उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। दोनों नेताओं के बीच जल्द मुलाकात होगी। उन्होंने कहा उद्धव जी, शरद पवार, ममता बनर्जी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अधिलेश जी सभी एक-दूसरे के संपर्क में हैं।












Click it and Unblock the Notifications