शिवसेना हिंदुत्व की पार्टी थी और रहेगी, मगर भाजपा का क्या जिसने...महबूबा मुफ्ती के साथ सरकार बनाई- संजय राउत
शिवसेना नेता संजय राउत ने राजनीतिक विचारधारा पर सवाल पूछे जाने पर भाजपा को आड़े हाथों लिया। नागपुर में संवाददाताओं से बातचीत में राउत ने कहा कि शिवसेना हिंदुत्व की पार्टी थी और हमेशा रहेगी।
मुंबई, 22 मार्च। शिवसेना नेता संजय राउत ने राजनीतिक विचारधारा पर सवाल पूछे जाने पर भाजपा को आड़े हाथों लिया। नागपुर में संवाददाताओं से बातचीत में राउत ने कहा कि शिवसेना हिंदुत्व की पार्टी थी और हमेशा रहेगी। राजनीतिक विचारधारा का सवाल भाजपा से पूछा जाना चाहिए जब उन्होंने कश्मीर में महबूबा मुफ्ती के साथ मिलकर सरकार बनाई, तो उनकी राजनीतिक विचारधारा कहां गई? उन्होंने कहा कि मेरे पास ऐसे कई सवाल हैं।

चुनाव जीतने के लिए हो रहा 'द कश्मीर फाइल्स' का इस्तेमाल
एक दिन पहले संजय राउत ने द कश्मीर फाइल्स को लेकर भाजपा पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि द कश्मीर फाइल्स राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) से प्रेरणा लेकर पर्दे पर पाई गई थी और अब भाजपा गुजरात और राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव जीतने के लिए इसका इस्तेमाल कर रही है। शिवसेना सांसद ने पार्टी के मुखपत्र समाना में लिए एक कॉलम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फिल्म के प्रचार की बागडोर संभालने का आरोप लगाया और धारा 370 हटाने के बाद भी कश्मीरी पंडितों को घाटी में फिर से बसाने में भाजपा की विफलता पर भी सवाल उठाए। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द कश्मीर फाइल्स की तारीफ करते हुए कहा था कि यह फिल्म सत्य को प्रदर्शित करती है और इसे हम सभी को अवश्य देखना चाहिए।
यह भी पढ़ें: रूस के लिए गले की फांस बना यूक्रेन युद्ध, अगर चीन करेगा ताइवान पर हमला, तो क्या वो जीत पाएगा?
हिंदू-मुस्लिमों के विभाजन का कारण बन सकती है 'द कश्मीर फाइल्स'
संजय राउत ने अपने कॉलम में लिखा कि भाजपा ने हाल ही में चार राज्यों में विधानसभा का चुनाव जीता। अब आगामी विधानसभा चुनावों को जीतने के मकसद से संघ परिवार से प्रेरणा लेकर इस फिल्म को लाया गया है। फिल्म के प्रचार की बागडोर पीएम मोदी ने अपने हाथों में ले ली है... कश्मीर से हिंदू पंडितों के पलायन, उनकी हत्याओं और उनके खिलाफ किए गए अत्याचारों पर आधारित फिल्म परेशान करने वाली है, लेकिन हिंदू-मुस्लिम विभाजन के लिए यह फिल्म एक कारण बन सकती है और आगामी चुनाव जीतने के लिए इसका उपयोग और भी अधिक परेशान करने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications