Money Laundering Case: सीबीआई ने अनिल देशमुख के नागपुर स्थित ठिकानों पर मारा छापा
सीबीआई ने धन शोधन मामले में सोमवार को महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के नागपुर स्थित कई ठिकानों पर छापे मारी की।
मुंबई, 11 अक्टूबर। सीबीआई ने धन शोधन मामले में सोमवार को महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के नागपुर स्थित कई ठिकानों पर छापे मारी की। यह छापेमारी 100 करोड़ रुपए की वसूली मामले में की गई। बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश के बाद इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। सीबीआई ने अपनी एफआईआर में कहा कि महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री के वकील आनंद डागा ने सीबीआई इंस्पेक्टर अभिषेक तिवारी को एक लाख रुपए का आईफोन और मामले से संबंधित जानकारी देने के लिए अलग-अलग मौकों पर रिश्वत दी।
Recommended Video

इसमें कहा गया है कि तिवारी ने डागा के साथ दस्तावेजों की प्रतियां व्हाट्सएप के माध्यम से साझा कीं। एफआईआर में कहा गया कि विश्वसनीय रूप से पता चला है कि तिवारी नियमित अंतराल पर डागा से अवैध रूप से रिश्वत प्राप्त कर रहे थे। बता दें कि इस साल 20 मार्च को मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह द्वारा सीएम उद्धव ठाकरे को लिखे गए एक पत्र के बाद, सीबीआई ने 24 अप्रैल को देशमुख के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया था।
यह भी पढ़ें: MHT CET 2021: आज जारी होगी आंसर की, आपत्ति दर्ज कराने के लिए मात्र 2 दिन का समय
देशमुख पर गृह मंत्री रहते हुए अपने पद का कथित रूप से दुरुपयोग करने का आरोप है। उन पर आरोप है कि उन्होंने बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाझे के माध्यम से मुंबई के विभिन्न बार और रेस्तरां से 100 करोड़ की उगाही के आदेश दिए, जिसमें से 4.70 करोड़ रुपए उन्होंने इकट्ठा किए। इससे पहले आयकर विभाग ने 17 सितंबर को देशमुख के नागपुर, मुंबई, दिल्ली और कोलकाता के 30 परिसरों पर छापेमारी की थी। वहीं प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अनिल देशमुख को अब तक 5 समन भेज चुका है, लेकिन वह अभी तक ईडी के सामने पेश नहीं हुए हैं। वहीं देशमुख का कहना है कि उन पर लगे आरोप बेबुनियाद हैं।












Click it and Unblock the Notifications