सतारा जिला बैंक चुनाव में शशिकांत शिंदे की हार के बाद भड़के समर्थक, NCP कार्यालय पर किया पथराव
जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधान पार्षद शशिकांत शिंदे की एक वोट से हार के बाद उनके समर्थक भड़क उठे और उन्होंने पश्चिमी महाराष्ट्र के सतारा शहर में पार्टी कार्यालय पर पथराव किया।
मुंबई, 23 नवंबर। जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधान पार्षद शशिकांत शिंदे की एक वोट से हार के बाद उनके समर्थक भड़क उठे और उन्होंने पश्चिमी महाराष्ट्र के सतारा शहर में पार्टी कार्यालय पर पथराव किया। बता दें कि जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के चुनाव परिणाम मंगलवार को घोषित हुए थे। पुलिस के कहा कि शिंदे एनसीपी के बागी द्यंदेव रंजन से एक वोट से हार गए और जैसे ही यह खबर फैली, शिंदे के समर्थकों का एक समूह सतारा शहर स्थिति एनसीपी कार्यालय पर पहुंचा और पथराव किया।

हिरासत में लिये गए समर्थक
सतारा के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार शिंदे ने कहा कि शिंदे के सात से आठ समर्थकों को हिरासत में लिया गया है। महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के वफादार शिंदे ने बाद में अपने समर्थकों के कार्यों के लिए माफी मांगते हुए कहा कि वह एनसीपी और उसके प्रमुख शरद पवार के वफादार कार्यकर्ता थे। शिंदे ने ट्वीट कर कहा- जो कुछ भी हुआ मैं उसके लिए माफी मांगता हूं, कार्यकर्ताओं ने भावात्मक रूप से प्रतिक्रिया व्यक्त की। मैं अपने समर्थकों से संयम बरतने की अपील करता हूं। मैं एक वोट के अंतर से चुनाव हार गया। मेरी हार के पीछे एक साजिश थी और आने वाले दिनों में इसका पर्दाफाश होगा। चुनावों के दौरान मैंने ढिलाई बरती, जो मुझे महंगी पड़ी। हालांकि, मैं स्पष्ट करना चाहता हूं मेरे लिए एनसीपी, शरद पवार और अजित पवार ही सबकुछ हैं।
यह भी पढ़ें: 'अखबार पढ़ते हो?'...वीर दास मामले पर ऋचा चड्ढा ने क्यों लिखा ये कमेंट
बता दें कि सहकारी बैंक के निदेशक मंडल में 21 सीटों के लिए मतदान हुआ था और इनमें से 11 निर्विरोध चुने गए थे, जबकि 10 सीटों के लिए मतदान हुआ था। सहकारी बैंकों के चुनाव इसलिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि ये संस्थान सहकारी चीनी मिलों और राजनीतिक नेताओं द्वारा नियंत्रित अन्य उद्योगों के वित्तपोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चुनावों में जीत के बाद द्यंदेव रंजन ने भाजपा विधायक शिवेंद्रराजे भोसले का उन्हें समर्थन करने के लिए आभार व्यक्त किया। यह पूछने पर कि इस हार का जिम्मेदार कौन है? शशिकांत शिंदे ने कहा कि इसका जवाब बाद में देंगे।












Click it and Unblock the Notifications