महाराष्ट्र: ठाणे के कलवा में भूस्खलन के बाद एक मकान गिरने से 5 लोगों की मौत
मुंबई के ठाणे के कलबा में भारी बारिश के बाद भूस्खलन होने से एक इमारत भरभराकर गिर गई। इस हादसे में 4 महिलाओं और एक पुरुष समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई।
मुंबई, 19 जुलाई। ठाणे के कलावा इलाके में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन होने से एक झुग्गी बस्ती में बने चार घर क्षतिग्रस्त हो गए, जिसमें एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। अधिकारियों ने कहा कि इस हादसे में तीन नाबालिगों सहित परिवार के पांच सदस्यों की मौत हुई है, जबकि दो अन्य को बचा लिया गया।

ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख संतोष कदम ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि यह घटना घोलई नगर में हुई, जिसमें पांच लोग- एक पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे मारे गए। शवों को बचाव दल द्वारा मलवे से बाहर निकाल लिया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि घटना के बाद दो बच्चो को बचा लिया गया। कदम ने बताया कि भूस्खलन में एक बड़ा पत्थर एक चॉल में बने मकान पर जा गिरा, जिसमें एक ही परिवार के सात लोग फंस गए। परिवार के जिन दो बच्चों को बचाया गया उनमें से एक की उम्र 5 वर्ष व दूसरे की उम्र 18 वर्ष है।
यह भी पढ़ें: कोरोना के खिलाफ जंग में नर्सों के योगदान पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा थैक्यू
मृतकों की पहचान प्रभु सुदाम यादव (45), उनकी पत्नी विधावतीदेवी यादव (40), उनके बच्चे रविकिशन (12), सिमरन (10) और संध्या (3) के रूप में हुई है। एहतियात के तौर पर आसपास के घरों से लोगों को हटा दिया गया है। ठाणे नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि एक अन्य घटना में कसारा के शिवाजी नगर इलाके में बारिश के कारण कुछ अस्थायी घर ढह गए। हालांकि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। इलाके में रह रहे परिवारों को पास के जिला परिषद स्कूलों में ठहराया गया है।
इसी बीच, मीरा भायंदर नगर निगम के अधिकारियों ने भारी बारिश के कारण हुए रिसाव के कारण लोगों को पानी उबालकर पीने के लिए कहा है। गौरतलब है कि भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई, थाणे और पालघर में 19 से 22 जुलाई के बीच ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि रत्नागिरी, रायगड़ और सिंदुदुर्ग में आने वाले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।











Click it and Unblock the Notifications