कोरोना के खिलाफ जंग में नर्सों के योगदान पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा थैक्यू
भोपाल, 19 जुलाई। कोरोना वायरस की दूसरी लहर तकरीबन थम चुकी है और तीसरी लहर की आशंका के बीच सभी सरकारें तैयारी कर रही हैं. इस बीच कोरोना के खिलाफ जंग में नर्सों के योगदान को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर उन्हें थैंक यू कहा है. सीएम ने अपने बयान में कहा है कि जिस जोश और जुनून के साथ नर्सों ने काम किया वो अद्भुत रहा. प्रदेश में कोरोना नियंत्रण के लिए जो प्रयास हुए उनमें नर्स बहनों का योगदान महत्वपूर्ण है.

इसके अलावा सीएम शिवराज ने प्रदेश की सभी नर्सों का अभिनंदन करते हुए कहा कि स्वास्थ्य अमले की नर्स बहनों ने कोरोना योद्धा की भूमिका निभाते हुए बुलंद हौसलों के साथ कोरोना से जंग लड़ी है. उनके द्वारा न केवल कोरोना मरीजों का उपचार किया गया बल्कि अपने व्यवहार से उनका मनोबल भी बढ़ाया है. अस्पताल और कोविड केयर सेंटर्स से जो कोरोना मरीज ठीक होकर अपने घर गये, उन्होंने नर्सों द्वारा की गई सेवाओं के प्रति आभार भी माना.
टीकाकरण में अहम भूमिका
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में कोरोना से सुरक्षा कवच देने के लिए चलाये गये टीकाकरण महाअभियान में भी नर्सों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उनके सहयोग से प्रदेश में सबसे ज्यादा टीकाकरण हो सका और मध्य प्रदेश ने वैक्सीनेशन में देश में एक अलग पहचान बनाई.
टीकाकरण महाअभियान के शुरुआती दिनों में रिकॉर्ड वैक्सीन लगाई गई, जिसमें नर्सों के सहयोग को नकारा नहीं जा सकता. सुबह से लेकर देर रात तक वैक्सीन लगाने का काम चलता रहा और नर्सों ने समय और अपनी परवाह न करते हुए टीकाकरण केन्द्रों पर आये सभी व्यक्तियों को वैक्सीन लगाई.
तीसरी लहर में होगी अहम भूमिका
वहीं, सीएम शिवराज ने कहा कि प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर को नियंत्रित करने में जो समन्वित प्रयास किये गये, उनमें भी नर्स बहनों का सराहनीय योगदान रहा है. कोरोना की तीसरी लहर से लोगों को बचाने के लिए अब और अधिक बेहतर प्रयास सरकार कर रही है. इसके लिये जरूरी संसाधनों के साथ ऑक्सीजन एवं आवश्यक दवाओं की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. संभावित कोरोना की तीसरी लहर को रोकने के लिये जन-भागीदारी मॉडल को अपनाते हुए काम किया जाएगा.












Click it and Unblock the Notifications