मिर्जापुर में बीजेपी विधायक बोले- जो श्रीराम को नहीं मानेगा, मुझे ऐसे देशद्रोहियों का वोट नहीं चाहिए
मिर्जापुर, 14 फरवरी: मिर्जापुर में बीजेपी विधायक और नगर विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी रत्नाकर मिश्रा ने सोमवार को नामांकन के बाद विवादित बयान दे डाला। उन्होंने कहा, ''जो भारत माता को नहीं मानेगा, प्रभु श्री राम को नहीं मानेगा , मुझे ऐसे देशद्रोहियों का वोट नहीं चाहिए, नहीं तो मेरा मत पत्र अशुद्ध हो जाएगा।''

यूपी में सातवें चरण के मतदान को लेकर अब सियासी पारा अपने पूरे शबाब पर है। सोमवार को वाराणसी सहित उन सभी जिलों में बीजेपी के बड़े-बड़े दिग्गजों ने अपना नामांकन दाखिल किया जहां 7 मार्च को मतदान होना है। गैजेटेड हॉली डे के कारण 7वें चरण के नामांकन के लिए महज 3 दिन का समय मिला है। यही वजह है कि मिर्जापुर में बीजेपी के विधायक और विंध्याचल मंदिर के पंडा समाज के रत्नाकर मिश्रा ने भाजपा प्रत्याशी के तौर पर गर्मजोशी के साथ अपना नामांकन दाखिल किया। रत्नाकर मिश्रा नामांकन करने से पहले मिर्जापुर के नगर में बने पण्डित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पहुंचे और माल्यार्पण करने के बाद जुलूस की शक्ल में पैदल चल कर मिर्जापुर जिला मुख्यालय पर नामांकन दाखिल किया।
नामांकन दाखिल करने के बाद रत्नाकर मिश्रा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी के विकास कार्य के अलावा मिर्जापुर में मेरे अच्छे व्यवहार के कारण लोग मुझे वोट करेंगे। अधिक भीड़ का जुलूस लेकर नामांकन दाखिल करने के सवाल पर कहा कि मैं अकेला ही पैदल निकला था लेकिन मिर्जापुर की जनता मुझे अपना अपार प्रेम और आशीर्वाद देने के लिए अपने घरों और दुकानों से निकल कर मेरे साथ हो गयी तो मैं किसी को कैसे मना करता। मिर्जापुर की नगर सीट में अपनी टक्कर किसी से नहीं मानते हुए उन्होंने कहा कि मेरे साथ मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद और जनता का स्नेह है। मेरा किसी से टक्कर नही लेकिन पार्टी के कार्यकताओं की नाराजगी पर उन्होंने गोलमोल जवाब देकर टाल दिया।
मिर्जापुर के नगर सीट पर करीब 30 से 40 हजार की संख्या में मुस्लिम मतदाता हैं जो किसी भी उम्मीदवार के लिए निर्णायक भूमिका में हैं। ऐसे में जब रत्नाकर मिश्रा से सवाल हुआ कि आप पिछली बार भी विशेष वर्ग के यहां वोट मांगने नहीं गए क्या इस बार जायेंगे तो जवाब में कहा- जो भारत माता की जयकारा बोलेगा, जो प्रभु राम को अपना पूर्वज मानेगा मुझे उन्हीं का वोट चाहिए नहीं तो दूसरा कोई डाल देगा तो मेरा मत पत्र अशुद्ध हो जाएगा। जो प्रभु राम को अपना आदर्श नहीं मानेगा, भारत माता को भारत माता नहीं मानेगा, ऐसे देशद्रोहियों का वोट मुझे नहीं चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications