Weather Updates: फरवरी में ही मुबंई उबलने लगी, हीटवेव का अलर्ट जारी, जानिए IMD ने क्या कहा?
Weather Updates: फरवरी के अंत में ही मौसम ने अपना गर्म रूख दिखाना शुरू कर दिया है, आमतौर पर फरवरी को गुलाबी ठंड का मौसम कहा जाता है लेकिन इस बार इस महीने के मध्य से ही गर्मी की शुरुआत हो गई है। मौसम के इस बदले मिजाज ने आम लोगों समेत मौसम वैज्ञानिकों को भी हैरानी में डाल दिया है।
महाराष्ट्र भी मौसम के बदले बर्ताव से हैरान है क्योंकि यहां पर कई स्थानों पर एकदम से ही तापमान बढ़ गया है, जिससे लोगों की पेशानी पर बल पड़ गया है, उन्हें लग रहा है कि अगर फरवरी में ही इतनी गर्मी पड़ने लगी है तो फिर मई-जून के महीने में क्या होगा?

भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और रत्नागिरी जिलों में अगले दो-तीन दिनों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है और उसका अनुमान है कि इन जिलों में अगले दो-तीन दिन तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
मुंबई का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया (Weather Updates)
मालूम हो कि बुधवार को मुंबई का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो कि इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है।
आईएमडी की वैज्ञानिक सुषमा नायर के मुताबिक मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और रत्नागिरी में अगले दो दिनों में तापमान तेजी से बढ़ने वाला है इसलिए हमने अलर्ट जारी किया है। मौसम में ये बदलाव लोगों के लिए परेशानी पैदा कर सकता है इसलिए खासकर के बच्चों और बूढ़ों का विशेष ख्याल रखने की जरूरत है।
पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं और धूप में कम से कम निकलें (Weather Updates)
क्योंकि ये स्वास्थ्य के लिए मुसीबत पैदा कर सकता है इसलिए सभी को सलाह दी जाती है कि वो हाइड्रेटेड रहें और पूरी सावधानी बरतें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं और धूप में कम से कम निकलें।
मालूम हो कि मौसम का ये हाल केवल महाराष्ट्र का नहीं है बल्कि पूरे उत्तर भारत का है। बुधवार को दिल्ली भी एकदम से गर्म हो गई और यहां पर अधिकतम तापमान 30 डिग्री पहुंच गया। फिलहाल आज यहां पर बारिश की आशंका है और इसलिए यहां पर येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली-एनसीआर में पिछले तीन-चार दिनों के अंदर तेजी से तापमान बढ़ा है।
यूपी-बिहार में मौसम पलटी मार सकता है (Weather Updates)
तो वहीं हिमाचल-उत्तराखंड में भी आज बारिश हो सकती है, यहां के कई जिलों में अलर्ट जारी है तो वहीं यूपी-बिहार में मौसम पलटी मार सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी बिहार में आज बारिश की आशंका है तो वहीं बंगाल-उड़ीसा में तापमान में वृ्द्धि हुई है फिलहाल आज यहां पर मौसम शुष्क रहेगा तो वहीं नॉर्थईस्ट में भी आज बरसात हो सकती है।
कश्मीर में फिलहाल मौसम साफ बना हुआ है (Weather Updates)
असम-सिक्कम में हल्की बारिश का अनुमान है, कश्मीर में फिलहाल मौसम साफ बना हुआ है तो वहीं दक्षिण भारत में भी मौसम शुष्क है, कर्नाटक और तमिलनाडु में आज सूरज अपनी पूरी खूबसूरती के साथ निकला और फिलहाल यहां पर बारिश होने के नगण्य आसार हैं, हालांकि बेंगलुरु में वीकेंड पर मौसम की तब्दीली देखी जा सकती है, ऐसा मौसम विभाग का अनुमान है।












Click it and Unblock the Notifications