समीर वानखेड़े की बहन यासमीन ने नवाब मलिक के खिलाफ थाने में दर्ज कराई शिकायत, NCW को भी लिखा खत
मुंबई, अक्टूबर 27। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के जोनल ऑफिसर समीर वानखेड़े और महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक के बीच शुरु हुई जंग अब थाने तक पहुंच गई है। दरअसल, नवाब मलिक की ओर से समीर वानखेड़े पर जो आरोप लगाए गए थे, उनके जवाब में उनकी बहन यासमीन वानखेड़े ने नवाब मलिक के खिलाफ थाने में केस दर्ज करा दिया है। साथ ही राष्ट्रीय महिला आयोग को एक खत लिखकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।

समीर वानखेड़े की बहन ने शिकायत में क्या कहा?
यासमीन वानखेड़े ने NCW और पुलिस को दी अपनी शिकायत में एक महिला के रूप में अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने का अनुरोध किया है। यासमीन वानखेड़े ने अपने खत में लिखा है कि नवाब मलिक ने उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन किया है, क्योंकि उन्होंने (नवाब मलिक) समीर पर लगाए आरोपों को साबित करने के लिए मेरे सोशल मीडिया प्रोफाइल की तस्वीरों का इस्तेमाल किया है। आपको बता दें कि नवाब मलिक ने समीर वानखेड़े पर जबरन वसूली, फर्जी दस्तावेजों से नौकरी और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मलिक ने अपने आरोपों में यासमीन वानखेड़े का नाम जोड़ा है।
नवाब मलिक ने शेयर की थी ये फोटोज
आपको बता दें कि नवाब मलिक ने समीर वानखेड़े पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि वो अपने परिवार के साथ दुबई में थे, जहां उन्होंने आर्यन की गिरफ्तारी मामले में रिश्वत की मांगी थी। नवाब मलिक ने ट्विटर पर दो फोटो शेयर की थी, जिसमें एक फोटो समीर की और दूसरी यासमीन वानखेड़े की थी, जो उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से ली गई थी। वहीं समीर ने इन फोटोज को लेकर कहा था कि वो दुबई की नहीं मुंबई की फोटो है। नवाब मलिक ने यासमीन की जिस फोटो को शेयर किया था, उसमें यासमीन ने उस फोटो के साथ कैप्शन देते हुए लिखा है, " Finally vacations #dubailife #dubai
नवाब मलिक ने लगाए थे ये आरोप
एनसीपी नेता नवाब मलिक ने समीर वानखेड़े पर पिछले कुछ दिनों के अंदर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। नवाब मलिक ने आर्यन की गिरफ्तारी को लेकर कहा था कि आर्यन को इस मामले में जानबूझकर फंसाया गया है। समीर ने आर्यन को इस केस में नहीं फंसाने की कीमत मांगी थी। साथ ही नवाब मलिक ने समीर वानखेड़े पर फर्जी दस्तावेज लगाकर नौकरी हासिल करने का आरोप लगाया था। इसके अलावा नवाब मलिक ने ताजा आरोप ये लगाया है कि जिस दिन क्रूज पर एनसीपी ने रेड मारकर आर्यन को गिरफ्तार किया था, उस दिन उस पार्टी में एक अंतर्राष्ट्रीय ड्रग माफिया भी मौजूद था, लेकिन एनसीबी अधिकारियों ने उसे छोड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications