सिम्बायोसिस से BBA-अमेरिका से मास्टर्स, मंगेतर की साजिश का शिकार हुए केतन अग्रवाल के पास थी कितनी डिग्रियां?
Ketan Agarwal Academic Profile: इन दिनों केतन हत्याकांड हर ओर चर्चा का विषय बना हुआ है। पुणे के चर्चित लोहागढ़ मौत मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इससे जुड़े लोगों के बारे में जानने की उत्सुकता भी बढ़ती जा रही है। इस मामले में कारोबारी केतन अग्रवाल (Ketan Agarwal) का नाम लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। पुलिस ने मामले में उनकी मंगेतर सिया गोयल और एक अन्य आरोपी चेतन चौहान को गिरफ्तार किया है।
जांच एजेंसियों का कहना है कि उन्हें कथित साजिश से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले हैं। हालांकि मामले की सच्चाई अभी अदालत में साबित होनी बाकी है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच लोग यह भी जानना चाहते हैं कि आखिर केतन अग्रवाल कौन थे, उन्होंने कहां से पढ़ाई की थी और किस तरह उन्होंने कम उम्र में ही बिजनेस की दुनिया में अपनी जगह बनाई। उनकी शैक्षणिक यात्रा भारत से लेकर अमेरिका तक फैली हुई थी और यही पढ़ाई उनके करियर की मजबूत नींव भी बनी।

कहां से पढ़े थे केतन अग्रवाल?
केतन अग्रवाल की शुरुआती शिक्षा पुणे के जीजी इंटरनेशनल स्कूल में हुई थी। यहीं से उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की और आगे कॉमर्स क्षेत्र में करियर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया। स्कूल के बाद उन्होंने मराठवाड़ा मित्र मंडल कॉलेज ऑफ कॉमर्स (MSCC) में दाखिला लिया। यहां से उन्होंने 12वीं की पढ़ाई पूरी की। कॉमर्स विषयों में उनकी रुचि शुरू से बताई जाती है, जिसने आगे चलकर उनके करियर का रास्ता तय किया।
ये भी पढ़ें: केतन हत्याकांड की आरोपी सिया के पिता को आया हार्ट अटैक, ICU में भर्ती, अब कैसी है हालत?
सिम्बायोसिस से की BBA
स्कूल और कॉलेज की पढ़ाई के बाद केतन ने पुणे की सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी में प्रवेश लिया। यहां उन्होंने बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) की डिग्री हासिल की।
बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई के दौरान उन्होंने मार्केटिंग, बिजनेस प्लानिंग, फाइनेंस और मैनेजमेंट से जुड़े कई विषयों को करीब से समझा। इसी दौर में उन्होंने कारोबारी दुनिया की बारीकियों को सीखना शुरू किया।
अमेरिका में हासिल की मास्टर्स डिग्री
ग्रेजुएशन पूरी करने के बाद केतन ने अपनी पढ़ाई को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने का फैसला किया। इसके लिए उन्होंने अमेरिका का रुख किया।
अमेरिका में उन्होंने Babson F.W. Olin Graduate School of Business से Entrepreneurship में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त की। बाब्सन बिजनेस स्कूल को दुनिया के प्रमुख बिजनेस संस्थानों में गिना जाता है। खासकर स्टार्टअप, इनोवेशन और एंटरप्रेन्योरशिप की पढ़ाई के लिए इसकी अलग पहचान है। दुनिया भर से छात्र यहां पढ़ने पहुंचते हैं।
पढ़ाई के बाद संभाला फैमिली बिजनेस
विदेश से पढ़ाई पूरी कर लौटने के बाद केतन अपने परिवार के कारोबार से जुड़ गए। वह सक्सेस ग्रुप में डायरेक्टर और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनकी भूमिका केवल प्रबंधन तक सीमित नहीं थी। वह नए बिजनेस अवसरों, मार्केटिंग रणनीतियों और प्रोजेक्ट विस्तार पर भी काम कर रहे थे। रिपोर्ट्स के अनुसार वह कंपनी के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों में शामिल रहते थे।
रियल एस्टेट सेक्टर में थे सक्रिय
जानकारी के मुताबिक केतन इंडस्ट्रियल और कमर्शियल रियल एस्टेट डेवलपमेंट से जुड़े कारोबार में सक्रिय थे। वेयरहाउस, इंडस्ट्रियल पार्क और कमर्शियल प्रोजेक्ट्स जैसे क्षेत्रों में उनका काम फैला हुआ था। युवा कारोबारी के रूप में वह नए प्रोजेक्ट्स पर फोकस कर रहे थे और बिजनेस को आगे बढ़ाने की कोशिशों में जुटे हुए थे। उनकी शिक्षा और प्रोफेशनल ट्रेनिंग का असर उनके कामकाज में भी दिखाई देता था।
क्या है केतन अग्रवाल केस?
18 जून को केतन अग्रवाल की मौत पुणे के लोहागढ़ किले के पास हुई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार वह अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ ट्रेकिंग पर गए थे। इसी दौरान करीब 400 फीट गहरी खाई में गिरने से उनकी जान चली गई। घटना के बाद सिया गोयल ने पुलिस को बताया था कि तेज हवा के बीच फोटो खिंचवाने के दौरान केतन का संतुलन बिगड़ गया था और वह नीचे गिर गए। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसी बयान के आधार पर मामला दर्ज किया था।
हालांकि बाद की जांच में कुछ ऐसे तथ्य सामने आए जिनके बाद पुलिस ने मामले की दिशा बदल दी। जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर सिया गोयल और चेतन चौहान को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि उसे कथित हत्या की साजिश से जुड़े संकेत मिले हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत में होना बाकी है।
ये भी पढ़ें: 'मेरा बेटा दूर खड़ा था', केतन मर्डर केस में आरोपी चेतन के पिता का बड़ा दावा, 14 जून को भी हुई हत्या की कोशिश?












Click it and Unblock the Notifications