NCP Merger: NCP परिवार का एक साथ आना तय, अब बस सुप्रिया सुले के फैसले का इंतजार
NCP Merger: एनसीपी (NCP) के दो धड़े में बंटने के बाद से ही बहुत से समर्थक और पवार परिवार के सदस्य चाचा-भतीजे (शरद पवार और अजित पवार) में सुलह हो जाने की उम्मीद कर रहे हैं। कुछ समय पहले ऐसी खबर भी आई थी कि एक बड़े औद्योगिक घराने के मुखिया ने पवार परिवार को एक करने की कोशिश शुरू कर दी है। अब शरद पवार के पोते रोहित पवार के बयान ने सस्पेंस बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि एनसीपी परिवार एक साथ आएगा। रोहित ने यह भी कहा कि इसका अंतिम फैसला अब सुप्रिया सुले के हाथ में है। सुप्रिया सुले फिलहाल ऑल पार्टी डेलिगेशन की तरफ से विदेश में हैं।
NCP Merger पर रोहित पवार ने दिया बड़ा बयान
रोहित पवार रिश्ते में शरद पवार के पोते और अजित पवार के भतीजे हैं। उन्होंने विलय के मुद्दे पर सीधा कोई जवाब नहीं दिया। शरद पवार के करीबी लोगों में शुमार रोहित ने संकेत दे दिया है कि इसकी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। रोहित पवार ने कहा, 'साहब (शरद पवार) ने यह फैसला सुप्रिया सुले पर छोड़ा है। वही विदेश से लौटकर इस पर बात करेंगी।'

बता दें कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के बाद शरद पवार और अजित पवार को कई पारिवारिक मौकों पर एक साथ भी देखा गया है। इतना ही नहीं सुप्रिया सुले ने कई बार कहा है कि उनका पूरा परिवार और खुद अजित पवार की मां भी चाहती हैं कि परिवार न टूटे और सब लोग एक साथ रहें।
यह भी पढ़ें: Maharashtra politics: क्या भाजपा अकेले लड़ेगी महाराष्ट्र निकाय चुनाव? अजित पवार कर रहे ये खेल!
NCP Merger के साथ कितनी बदलेगी महाराष्ट्र की राजनीति?
कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि शरद पवार खुद चाहते हैं कि पारिवारिक विरासत टुकड़ों में न बंटे। इसके लिए वह अजित पवार और अपनी बेटी सुप्रिया सुले दोनों को साथ लेकर चलना चाहते हैं। सूत्रों के हवाले से तो यह भी कहा जा रहा है कि अजित पवार और शरद पवार के बीच इस मुद्दे पर बातचीत चल रही है। अजित चाहते हैं कि वह महाराष्ट्र की राजनीति में एक्टिव रहें और संगठन में उनकी भूमिका बड़ी हो और सुप्रिया सुले दिल्ली और केंद्रीय राजनीति में पार्टी का चेहरा बनें। अब देखना यह है कि महाराष्ट्र के सबसे बड़े राजनीतिक घराने की दरार भर पाती है या परिवार दो टुकड़ों में ही बंटा रहेगा।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में अमित शाह ने अजित पवार के साथ की सीक्रेट मीटिंग, आखिर क्या है मामला?












Click it and Unblock the Notifications