Navi Mumbai Airport देगा लंदन को टक्कर, 2 लाख लोगों को यहां से मिलेगा बंपर रोजगार
Navi Mumbai airport: नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) जल्द ही यात्रियों के लिए खोला जाएगा। 8 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। इसे एशिया के सबसे आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल हवाई अड्डों में से एक माना जा रहा है। यह एयरपोर्ट ग्लोबल एविएशन की दिशा में भारत की बढ़ती ताकत का प्रतीक बन सकता है। अधिकारियों ने बताया कि सरकार और अडानी ग्रुप की योजना भारत की विमानन प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई पर ले जाने की है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि यह हवाई अड्डा मुंबई को लंदन, न्यूयॉर्क और टोक्यो जैसे शहरों की श्रेणी में शामिल करेगा। मुंबई को ट्विन एयरपोर्ट सिटी के तौर पर विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना भी इस एयरपोर्ट के शुरुआत के साथ साकार होगी। इससे भारत की वैश्विक विमानन पहचान को एक नई मजबूती मिलेगी। साथ ही, माना जा रहा है कि अकेले इस एयरपोर्ट के जरिए दो लाख रोजगार की संभावनाएं विकसित होंगी।

Navi Mumbai airport से मिलेंगे 2 लाख रोजगार
⦁ इस परियोजना से विमानन, लॉजिस्टिक्स, आईटी, रियल एस्टेट और हॉस्पिटैलिटी के क्षेत्रों में 2 लाख से अधिक नए रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। इसमें ग्रीन एनर्जी, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सस्टेनेबल कूलिंग सिस्टम जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है।
यह भी पढ़ें: Navi Mumbai: दुकान में रखे 3 गैस सिलेंडर में विस्फोट, महिला और दो बच्चों की गई जान
⦁ इस एयरपोर्ट का निर्माण अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स (74%) और सिडको (26%) ने मिलकर किया है। अडानी ग्रुप ने पहले भी कहा है कि यह एयरपोर्ट विमान संचालन और रोजगार सृजन के अलावा भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को मजबूत करने की दिशा में अहम उपक्रम साबित होगा।
Navi Mumbai एयरपोर्ट की हैं ये खास बातें
⦁ लगभग 1160 हेक्टेयर में फैले इस एयरपोर्ट का डिजाइन कमल के फूल से प्रेरित है। यह भारतीय संस्कृति और आधुनिक इंजीनियरिंग की उम्दा कलाकारी की मिसाल है।
⦁ एयरपोर्ट के पहले चरण में एक रनवे और एक टर्मिनल होगा, जिसकी वार्षिक क्षमता लगभग 2 करोड़ यात्रियों की होगी। पूरी तरह कार्यशील होने पर इसमें चार टर्मिनल और दो रनवे होंगे, जिससे मुंबई और सीएसएमआईए की कुल क्षमता 15.5 करोड़ यात्रियों तक पहुच जाएगी।
यह भी पढ़ें: Mumbai local train: भीड़ और धक्कामुक्की में एक और शख्स की मुंबई लोकल ट्रेन से गिरकर हुई दर्दनाक मौत
⦁ यह हवाई अड्डा एक बड़ा कार्गो हब भी बनेगा जहां सालाना 5 लाख टन से बढ़कर 32 लाख टन तक माल की हैंडलिंग की जाएगी। एयरपोर्ट में एआई टेक्नोलॉजी से लैस पूरी तरह ऑटोमैटिक टर्मिनल होंगे।
Mumbai शहर बनेगा विमानन क्षेत्र में नई वैश्विक ताकत
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने हाल ही में इस हवाई अड्डे को संचालन की मंजूरी दी है। देश में 2014 में जहां 74 हवाई अड्डे संचालित थे, वहीं अब यह संख्या 2025 में बढ़कर 163 हो गई है। लक्ष्य है कि 2047 तक 400 एयरपोर्ट पूरे देश में सक्रिय हों। नवी मुंबई एयरपोर्ट के परिचालन शुरू होने के साथ ही मुंबई शहर को ट्विन एयरपोर्ट सिटी बनाने का सपना पूरा होगा।
साथ ही, वैश्विक एयरपोर्ट हब बनाने के भारत सरकार के सपने को एक नई ऊंचाई मिलेगी। भारत को हाल ही में अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) परिषद में निर्वाचित किया गया है। इससे भारत की वैश्विक विमानन साख और मजबूत हुई है।
यह भी पढ़ें: Mumbai Metro: मुंबई मेट्रो के लिए ये साल रहा बेहद खास, चार नई लाइनों ने बदली शहर की कनेक्टिविटी की तस्वीर












Click it and Unblock the Notifications