Mumbai local train: भीड़ और धक्कामुक्की में एक और शख्स की मुंबई लोकल ट्रेन से गिरकर हुई दर्दनाक मौत
Mumbai local train: मुंबई की लाइफलाइफ मानी जानी वाली लोकल ट्रेन में सफर करते हुए एक शख्स की जीवनलीला समाप्त हो गई। महाराष्ट्र सुरक्षा बल के जवान की चलती लोकल ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। यह घटना भीड़ के दबाव के कारण हुई, जिससे एक बार फिर मुंबई की लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मृतक जवान की पहचान 31 वर्षीय गणेश जगदाळे के रूप में हुई है, जो दहिसर पुलिस स्टेशन में तैनात थे। शुक्रवार सुबह लगभग 8:30 बजे, अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद, जगदाळे दहिसर स्टेशन से नायगाँव जाने के लिए लोकल ट्रेन में सवार हुए।

ट्रेन में भारी भीड़ थी, और वह दरवाजे के पास खड़े थे। मालाड और गोरेगांव के बीच धक्का-मुक्की के कारण वह ट्रेन से गिरकर पटरियों पर आ गए। गंभीर रूप से घायल जगदाळे को तुरंत कांदिवली के शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आकस्मिक मृत्यु के तहत दर्ज किया है केस
बोरीवली रेलवे पुलिस स्टेशन में इस घटना को आकस्मिक मृत्यु के रूप में दर्ज किया गया है। यह घटना मुंबई की लोकल ट्रेनों में भीड़भाड़ के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या का एक बड़ा उदाहरण है।
दहिसर पुलिस स्टेशन में थे तैनात
जगदाळे पहले गोरेगांव पूर्व के वनराई पुलिस स्टेशन में कार्यरत थे और हाल ही में दहिसर पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर हुए थे। दहिसर में केवल एक दिन की जॉब के बाद यह दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना हुई, जिसने जगदाळे परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, लोकल ट्रेनों की फेरियां बढ़ाना, बंद दरवाजों वाली लोकल ट्रेनें शुरू करना, कार्यालय के समय में बदलाव करना और वैकल्पिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था स्थापित करना जैसे सुझाव दिए गए हैं। हालांकि, इन उपायों को अभी तक प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया गया है, जिससे यात्रियों की जान जोखिम में बनी हुई है।
इस हादसे ने यात्रियों की बढ़ाई चिंता
पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है, लेकिन यह घटना एक बार फिर मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में सुरक्षा उपायों की कमी पर चिंता पैदा करती है।
लोकल ट्रेनों में अक्सर बहस और मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन यह दुखद घटना भीड़भाड़ के कारण होने वाले गंभीर परिणामों का बड़ा उदाहरण है। प्रशासन अभी तक बढ़ती भीड़ की समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं निकाल पाया है।












Click it and Unblock the Notifications