Mumbai Local Train में खूनी खेल! चलती ट्रेन में मामूली बात पर युवक को लात-घूंसों से पीटा और घोंप दिया चाकू
Mumbai Local Train: मुंबई ट्रेन से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से खोपोली जा रही तेज रफ्तार लोकल ट्रेन में मामूली विवाद को एक पैसेंजर ने दूसरे यात्री को बेरहमी से चाकू मार दिया। इस वारदात के बाद लोकल ट्रेन में सफर करने वाले यात्री दहशत में आ गए हैं।
इस जानलेवा हमले का शिकार हुए 26 वर्षीय युवक सतीश कुमार बोलामणी पाठक की हालत फिलहाल बेहद गंभीर बनी हुई है। सतीश मुंबई के मस्जिद बंदर इलाके का रहने वाला है। वह रोज की तरह ट्रेन में सवार हुआ था, लेकिन उसे क्या पता था कि सीट के लिए शुरू हुई कहासुनी सीधे अस्पताल के आईसीयू बेड तक पहुंचा देगी। घायल सतीश के परिजन इस वारदात के बाद से गहरे सदमे में हैं।

मुंबई लोकल में कब और क्यों हुआ जानलेना हमला?
ये हादसा 11 जून (गुरुवार) की सुबह हुआ, जब ट्रेन अपनी पूरी रफ्तार से सेंट्रल लाइन पर दौड़ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद उस समय शुरू हुआ जब ट्रेन वानगणी रेलवे स्टेशन को पार कर चुकी थी। ट्रेन के सामान वाले डिब्बे यानी लगेज कंपार्टमेंट में सीट पर कब्जे को लेकर सतीश और कुछ युवकों के बीच बहस छिड़ गई।
लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा और चाकू घोंप दिया
सामान रखने वाले डिब्बे में जरा सी जगह के लिए इंसान, इंसान का दुश्मन बन गया। यह सामान्य बहस देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोपियों ने सतीश कुमार बोलामणी पाठक को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। जब सतीश ने खुद को बचाने की कोशिश की, तो हमलावरों में से एक ने धारदार चाकू निकाल लिया और चलती हुई ट्रेन में हमलावर ने सतीश के पेट में सीधे चाकू घोंप दिया।
खून से लथपथ सतीश वहीं गिर पड़ा और दर्द से कराहने लगा। ट्रेन के भीतर सहमे यात्रियों ने चीख-पुकार मचा दी, लेकिन आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार होने की फिराक में लग गए।
कर्जत रेलवे पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
इस वीभत्स घटना की खबर मिलते ही रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। हरकत में आई कर्जत गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने बिना एक पल गंवाए एक्शन मोड ऑन कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत अपनी खुफिया टीमों को सक्रिय किया और विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी।
कौन हैं ये हमलावर?
रेलवे पुलिस की मुस्तैदी का नतीजा यह निकला कि वारदात के महज 12 घंटों के भीतर दो मुख्य आरोपियों को धर-दबोचा गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी जिसके आधार पर जाल बिछाकर आरोपियों को दबोचा गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नेरल के रहने वाले 18 वर्षीय इमरान इदरीस अंसारी और शेलू के रहने वाले 22 वर्षीय करण कन्हैयालाल अग्रवाल के रूप में हुई है। रेलवे पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों,के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
हालांकि, पुलिस का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। इस भयावह हमले में शामिल एक और आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। कर्जत रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की है कि फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द तीसरा आरोपी भी सलाखों के पीछे होगा।
क्या सच में सुरक्षित हैं मुंबई के लोकल यात्री?
इस घटना ने मुंबई लोकल के सुरक्षा दावों की कलई खोलकर रख दी है। लाखों लोगों की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल में सुरक्षा के नाम पर क्या केवल खोखले वादे ही मिलेंगे? सामान डिब्बे में चाकू लेकर घुसे आरोपियों ने यह साबित कर दिया है कि सुरक्षा जांच में कितनी बड़ी लापरवाही बरती जा रही है।
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि मुंबई उपनगरीय ट्रेनों के लगेज डिब्बों में अक्सर इस तरह की झड़पें होती हैं। खासकर पीक आवर्स के दौरान सीटों को लेकर विवाद आम बात है, लेकिन सतीश कुमार बोलामणी पाठक के साथ जो हुआ, उसने सबको डरा दिया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किए बिना ऐसी घटनाओं पर रोक लगाना नामुमकिन सा लग रहा है। Mumbai Local Train: मुंबई में इस वीकेंड रहेगा मेगा ब्लॉक, घर से निकलने से पहले चेक कर लें ये ट्रेन शेड्यूल












Click it and Unblock the Notifications