Mumbai Central Park Project: मुंबई में बनेगा भारत का सबसे बड़ा सेंट्रल पार्क, जानें इसकी खासियत और बजट
Mumbai Central Park Project: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने मुंबई और अपने गृहनगर ठाणे को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स और कोस्टल रोड से सटी खाली जमीन को मिलाकर विश्वस्तरीय सेंट्रल पार्क बनाने के मेगा प्रोजेक्ट का ऐलान किया है। ठाणे में भी विश्वस्तरीय एम्यूजमेंट पार्क बनाए जाने की योजना पर काम चल रहा है। बीएमसी चुनाव की हलचल के बीच दो बड़े प्रोजेक्ट के ऐलान पर विपक्षी दल हमलावर हैं।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद से प्रदेश में लगातार इन्फ्रास्ट्रक्चर के अहम प्रोजेक्ट का ऐलान किया जा रहा है। अकेले मुंबई में कोस्टल रोड से लेकर देश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर और सबसे बड़ा सेंट्रल पार्क बनाने का ऐलान किया गया है।

Mumbai Central Park Project: विश्वस्तरीय सेंट्रल पार्क का होगा निर्माण
- उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स और कोस्टल रोड से सटी खाली जमीन को मिलाकर कुल 295 एकड़ क्षेत्र में विश्वस्तरीय सेंट्रल पार्क बनाया जाएगा।
- इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 700 से 750 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। खास बात यह है कि इस सेंट्रल पार्क को भूमिगत मार्ग के जरिए सीधे कोस्टल रोड से जोड़ा जाएगा।
- इससे पर्यटकों और नागरिकों को आसानी होगी और यह खास तौर पर शहर आने वाले पर्यटकों के लिए बड़ा आकर्षण साबित होगा।
यह भी पढ़ें: Mumbai Water Cut Update: 19 दिसंबर तक पानी के लिए रहेगा हाहाकार, इन इलाकों में 50% वाटर कट का नोटिस
Mahalaxmi Racecourse की ऐतिहासिक विरासत रहेगी सुरक्षित
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने यह भी स्पष्ट किया कि महालक्ष्मी रेसकोर्स की ऐतिहासिक विरासत को पूरी तरह से सुरक्षित रखा जाएगा। रेसकोर्स की 125 एकड़ भूमि पर विकसित होने वाला यह सेंट्रल पार्क पूरी तरह से हरित और सार्वजनिक उपयोग के लिए होगा। वहीं, कोस्टल रोड की 170 एकड़ भूमि को जोड़कर इसे और विशाल बनाया जाएगा। पार्क के नीचे लगभग 10 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में एक अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी विकसित किया जाएगा।
ठाणे में बनेगा बेहतरीन एम्यूजमेंट पार्क
मुंबई के साथ-साथ ठाणे को भी डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे बड़ी सौगात दे रहे है। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि ठाणे खाड़ी के किनारे 50 एकड़ क्षेत्र में भारत का सबसे ऊंचा व्यूइंग टावर बनाया जाएगा। इस टावर की ऊंचाई 260 मीटर होगी। यह टावर फ्रांस के एफिल टॉवर से भी कुछ ही मीटर छोटा होगा। इसके अलावा, ठाणे के कासारवडवली में कन्वेंशन सेंटर, कोलशेत में 25 एकड़ का टाउन पार्क, आगरी-कोली संग्रहालय, मत्स्यालय, विज्ञान केंद्र, अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्नो पार्क, एम्यूज़मेंट पार्क, एडवेंचर पार्क, 12.5 एकड़ में बर्ड पार्क, 25 एकड़ में म्यूजिकल कॉन्सर्ट सेंटर और 50 एकड़ में अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने की भी घोषणा की गई है।
महाराष्ट्र सरकार की कोशिश इन्फ्रास्ट्रक्टर विस्तार के साथ ही शहर में विश्वस्तरीय सुविधाओं के विकास पर है। नवी मुंबई एयरपोर्ट भी अब पूरी तरह से ऑपरेशनल होने के लिए तैयार है। इसके अलावा, मुंबई शहर के अंदर और उपनगरीय इलाकों को जोड़ने के लिए मेट्रो नेटवर्क पर भी तेजी से काम हो रहा है।
यह भी पढ़ें: Mumbai Local train: मुंबईकरों का सफर होगा आसान, जल्द शुरू हो रही 12-कोच वाली लोकल एसी ट्रेनें












Click it and Unblock the Notifications