BJP नेता से मुलाकात पर संजय राउत ने तोड़ी चुप्पी, कहा- महाराष्ट्र की राजनीति भारत-पाकिस्तान जैसी नहीं
मुंबई, जुलाई 4। शिवसेना सांसद संजय राउत और बीजेपी नेता आशीष शेलार की मुलाकात को लेकर महाराष्ट्र की सियासत में एकबार फिर से अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। दरअसल, इन दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद से ये अटकलें लगना शुरू हो गई हैं कि क्या बीजेपी और शिवसेना एकबार फिर करीब आ रही हैं? इन अटकलों पर खुद शिवसेना सांसद संजय राउत ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा कि वो बहुत पहले आशीष शेलार से मिले थे। संजय राउत बीजेपी और शिवसेना के करीब आने की अफवाहों को खारिज कर दिया है।

शेलार से मुलाकात पर संजय राउत की सफाई
संजय राउत ने अशीष शेलार के साथ मुलाकात पर कहा, 'मैं आशीष (शेलार) से सिर्फ सामाजिक समारोह में मिला हूं। महाराष्ट्र की राजनीति भारत और पाकिस्तान के जैसी नहीं है। राजनीतिक मतभेदों के बावजूद, हमारे बीच सौहार्दपूर्ण रिश्ते हैं। जो लोग मुझे पसंद नहीं करते हैं, वो ही कल विधानसभा सत्र से पहले ऐसी अफवाहें फैला रहे हैं।'
संजय राउत ने किया ट्वीट
इतना ही नहीं, समाचार एजेंसी को दिए इस बयान के बाद शिवसेना सांसद ने एक ट्वीट कर अपने विरोधियों पर निशाना साधा। राउत ने ट्वीट में लिखा, 'हमारी अफवाह के धुंए वहीं से उठते हैं, जहां हमारे नाम से आग लग जाती है।' आपको बता दें कि जैसे ही दोनों नेताओं की इस बैठक की खबरों से बाजार गर्म हुआ तो ऐसी अटकलें लगनी कि महाराष्ट्र की राजनीति में कोई नई खिचड़ी पक रही है। हालांकि, अब राउत ने इसे अफवाह करार देते हुए सफाई दी है।
बीजेपी नेता ने की थी मुलाकात की पुष्टि
आपको बता दें कि इससे पहले आशीष शेलार ने भी संजय राउत के साथ ऐसी किसी भी बैठक की बात से साफ इनकार किया था। हालांकि, उन्हीं की पार्टी के विधान परिषद में नेता प्रवीण दरेकर ने इसे 'शिष्टाचार भेंट' बताया। जो एक तरह से इस मुलाकात की पुष्टि करता है।












Click it and Unblock the Notifications