अजित पवार से बहस के बाद IPS अंजना कृष्णा की बढ़ी मुश्किलें, NCP नेता ने UPSC को लिखा पत्र
IPS Anjana Krishna Ajit Pawar Controversy: महाराष्ट्र की महिला आईपीएस अधिकारी अंजना कृष्णा (IPS Anjana Krishna) इन दिनों राजनीतिक विवादों की वजह से सुर्खियों में हैं। सोलापुर जिले में अवैध खनन को रोकने के उनके कड़े कदमों के बाद उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Ajit Pawar) के साथ कथित फोन कॉल का वीडियो वायरल हुआ। इस घटना के बाद उनकी पदस्थापना और कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
एनसीपी (अजित पवार गुट) के एमएलसी अमोल मिटकरी (NCP leader Amol Mitkari) ने यूपीएससी को पत्र भेजकर अंजना कृष्णा के दस्तावेजों की जांच की मांग की है।

जाति और अन्य प्रमाण पत्रों में पारदर्शिता जरूरी- अमोल मिटकरी
5 सितंबर 2025 को एनसीपी (अजित पवार गुट) के MLC अमोल मिटकरी ने UPSC सचिव को पत्र लिखकर मांग की कि आईपीएस अधिकारी अंजना कृष्णा के सभी दस्तावेजों की विस्तृत जांच होनी चाहिए। मिटकरी ने कहा कि शैक्षिक, जाति और अन्य प्रमाण पत्रों में पारदर्शिता जरूरी है, ताकि किसी भी अनियमितता का पता लगाया जा सके। उनका कहना है कि वेरिफिकेशन की रिपोर्ट संबंधित विभागों से साझा भी की जानी चाहिए।
क्या है विवाद?
महाराष्ट्र के सोलापुर में अवैध खनन रोकने पर एक महिला आईपीएस अधिकारी और राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार आमने-सामने आ गए। यह मामला माडा तहसील के कुड़ोवाडी गांव का है। यहां सड़क निर्माण के दौरान अवैध उत्खनन की जानकारी मिलने पर डीएसपी अंजना कृष्णा ने टीम के साथ छापा मारा।
इसी दौरान आरोप है कि एनसीपी कार्यकर्ता बाबा जगताप ने अजित पवार को फोन लगाया और महिला अधिकारी से बात कराई। बातचीत में पवार ने कथित तौर पर कहा, 'मैं आपको आदेश देता हूं कि यह काम रुकवाओ और मैं तेरे पर एक्शन लूंगा।' उन्होंने यहां तक कहा, 'मेरा चेहरा तो आपको समझ में आएगा ना? और इतना डेरिंग हुआ है क्या?' लेकिन अंजना कृष्णा ने फोन पर बात करने वाले की पहचान सुनिश्चित करने पर जोर दिया और अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटीं। इस पूरे घटनाक्रम का ऑडियो सामने आने के बाद बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया।
विपक्ष का आरोप है कि सत्ता का दबाव डालकर महिला अधिकारी का मनोबल तोड़ा जा रहा है। वहीं, अजित पवार का कहना है कि उनका मकसद सिर्फ जमीनी स्तर पर शांति सुनिश्चित करना था, न कि कानून में हस्तक्षेप करना। उन्होंने पुलिस अधिकारियों का सम्मान करने की भी बात कही।
ये भी पढे़ं राजस्थान पुलिस की नई कहानी: जब पति-पत्नी एक साथ बने IPS, प्रशासनिक फेरबदल ने खींचा सबका ध्यान
Who is IPS Anjana Krishna- कौन हैं अंजना कृष्णा?
अंजना कृष्णा (IPS Anjana Krishna) 2023 बैच की भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यूपीएससी परीक्षा 2023 में ऑल इंडिया रैंक 355 हासिल की थी। सफलता के बाद उनकी पहली पोस्टिंग महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के करमाला में बतौर डीएसपी (Deputy Superintendent of Police) हुई। अंजना कृष्णा का ताल्लुक केरल के तिरुवनंतपुरम से है। उनका परिवार बेहद साधारण पृष्ठभूमि से आता है। उनके पिता बीजू कृष्णा कपड़े के छोटे व्यापारी हैं, जबकि मां सीना जिला अदालत में टाइपिस्ट के तौर पर काम करती हैं।
ये भी पढे़ं कौन है ये IPS अंजना कृष्णा? जिनकी अजित पवार से हुई गरमागरम बहस, डिप्टी सीएम बोले- इतनी हिम्मत तुम्हारी
डिप्टी सीएम अजित पवार ने दी सफाई
अजित पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर स्पष्ट किया कि सोलापुर में पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी बातचीत से संबंधित वीडियो वायरल हो रहे हैं। उन्होंने लिखा, 'मेरा उद्देश्य किसी भी कानूनी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करना नहीं था, बल्कि यह सुनिश्चित करना था कि स्थिति शांत रहे और आगे न बढ़े।'












Click it and Unblock the Notifications