कौन है ये IPS अंजना कृष्णा? जिनकी अजित पवार से हुई गरमागरम बहस, डिप्टी सीएम बोले- इतनी हिम्मत तुम्हारी
Who is IPS Anjana Krishna: महाराष्ट्र के सोलापुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होकर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है। इस वीडियो में उपमुख्यमंत्री अजित पवार और डीएसपी अंजना कृष्णा के बीच तीखी बहस होती नजर आ रही है।
फोन कॉल पर आईपीएस अधिकारी अंजना कृष्णा ने अजित पवार को पहचानने से इनकार कर दिया तो अजित पवार आगबबूला हो गए और उन्होंने आईपीएस आधिकारी पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी तक दे डाली। जानिए आखिर क्या है पूरा मामला और कौन हैं ये महिला आईपीएस अधिकारी अंजना कृष्णा?

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह विवाद सोलापुर के माढा तालुका के कुर्डू गांव में अवैध मुरुम उत्खनन के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के दौरान शुरू हुआ, जिसकी शिकायतें लगातार मिल रही थीं। डीएसपी अंजना कृष्णा मौके पर कार्रवाई के लिए पहुंची थीं, जहां उनका स्थानीय ग्रामीणों से आमना-सामना हुआ।
NCP कार्यकर्ता ने सीधे डिप्टी सीएम को मिला दिया फोन
इसी बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता बाबा जगताप ने सीधे उपमुख्यमंत्री अजित पवार को फोन कर दिया और वह कॉल डीएसपी को थमा दिया।
IPS ने डिप्टी सीएम को पहचानने से कर दिया इनकार
फोन पर अजित पवार ने खुद को 'डीसीएम अजित पवार' बताते हुए डीएसपी को कार्रवाई रोकने का निर्देश दिया। हालांकि, अंजना कृष्णा ने उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया और कहा कि वे सीधे उनके आधिकारिक नंबर पर कॉल करें।

अजित वीडियो कॉल करके बोले- मेरा चेहरा तो पहचानोगी ना!
इस पर अजित पवार नाराज़ हो गए और उन्होंने कहा, "तुम पर कार्रवाई करूंगा, इतनी हिम्मत है तुम्हारी? मेरा चेहरा तो पहचानोगी ना!" इसके बाद अजित पवार ने डीएसपी को वीडियो कॉल किया। वीडियो कॉल पर उन्होंने अधिकारी को कार्रवाई रोकने और तहसीलदार से बात करने का निर्देश दिया। यह पूरा घटनाक्रम लगभग तीन घंटे तक चला और अब इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों ने सच्चाई की बयां
ग्रामीणों का दावा था कि यह उत्खनन ग्राम पंचायत की अनुमति से हो रहा था, लेकिन वे कोई भी आधिकारिक दस्तावेज़ पेश नहीं कर पाए। इसके बाद महिला आईपीएस अधिकारी अंजना कृष्णा ने अपनी कार्रवाई शुरू की। माना जा रहा है कि कार्यकर्ताओं ने अजित पवार को फोन करके ही इस टकराव को बढ़ाया। फिलहाल, इस मामले में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। डीएसपी अंजना कृष्णा, तहसीलदार और प्रांताधिकारी ने इस घटना पर कोई बयान नहीं दिया है, सिर्फ इतना कहा है कि मामले की जांच की जा रही है।
कौन हैं आईपीएस अधिकारी अंजना कृष्णा?
आईपीएस अधिकारी अंजना कृष्णा का पूरा नाम अंजना कृष्णा वीएस है। ये वर्तमान समय में महाराष्ट्र के सोलापुर जिले की करमाला की पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद तैनात हैं। अंजना कृष्णा की गिनती तेजतर्रार और ईमानदार आईपीएस अधिकारियों में होती है।
अंजना कृष्णा वी.एस. को यूपीएससी सीएसई 2022-23 में AIR-355 रैंक हासिल की थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तिरुवनंतपुरम, केरल में जन्मी अंजना कृष्णा के पिता बीजू का कपड़े का छोटा सा व्यापार है और उनकी मां साीना कोर्ट में टाइपिस्ट की नौकरी करती हैं। मलयंकीज़ू की रहने वाली
अंजना कृष्णा ने प्रारंभिक शिक्षा सेंट मैरीज़ सेंट्रल स्कूल, पूजप्पुरा से हासिल की। एचएचएमएसपीबी एनएसएस कॉलेज फॉर वुमेन, नीरमनकारा, तिरुवनंतपुरम से हायर एजुकेशन हासिल की। अंजना ने नीरामंकरा के एनएसएस कॉलेज से बीएससी गणित में स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। इसके बाद यूपीएससी की तैयारी की और सफलता हासिल की।












Click it and Unblock the Notifications