जया शेट्टी हत्याकांड में बॉम्बे हाईकोर्ट से गैंगस्टर छोटा राजन को जमानत, उम्रकैद की सजा भी निलंबित
Gangster Chhota Rajan: बॉम्बे हाई कोर्ट ने 2001 में होटल व्यवसायी जया शेट्टी की हत्या के मामले में कुख्यात गैंगस्टर छोटा राजन की आजीवन कारावास की सजा को निलंबित करते हुए, उसे जमानत दे दी है। हालांकि इसके बावजूद छोटा राजन अन्य लंबित आपराधिक मामलों के चलते जेल में ही रहेगा।
मई में एक विशेष अदालत ने शेट्टी की हत्या के लिए राजन को दोषी ठहराया था और उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। मुंबई की मकोका कोर्ट के विशेष न्यायधीश एम एम पाटिल ने राजन को दोषी ठहराया था।इसके बाद राजन ने बॉम्बे हाई कोर्ट में अपील कर अपनी सजा को निलंबित करने और अंतरिम जमानत की मांग की।

जस्टिस रेवती मोहिते डेरे और जस्टिस पृथ्वीराज चव्हाण की बेंच ने छोटा राजन को जमानत दी है। उन्होंने जमानत शर्तों के तहत उसे 1 लाख रुपए का बॉन्ड भरने का निर्देश दिया। हालांकि, अन्य कानूनी उलझनों के कारण उसकी रिहाई अभी संभव नहीं है।
बॉम्बे हाईकोर्ट का यह फैसला छोटा राजन के जया शेट्टी की हत्या के मामले में अपनी दोषसिद्धि के खिलाफ दायर अपील के बाद आया है। इस अपील में आगे की कानूनी कार्यवाही की प्रतीक्षा करते हुए उसकी सजा को निलंबित करने और अंतरिम जमानत की मांग की गई थी। ऐसे में विशेष मकोका अदालत के फैसले के खिलाफ उसकी अपील पर फैसला होने तक आजीवन कारावास की सजा को सस्पेंड कर दिया है।
ये भी पढ़ें: Chhota Rajan: जया शेट्टी की हत्या के मामले में छोटा राजन दोषी करार, होटल की पहली मंजिल पर मारी थी गोलियां
जानिए क्या था पूरा घटनाक्रम?
मध्य मुंबई के गामदेवी इलाके में गोल्डन क्राउन होटल के मालिक जया शेट्टी की 4 मई 2001 को हत्या कर दी गई थी। छोटा राजन के गिरोह के दो कथित गुर्गो ने होटल की पहली मंजिल पर उन्हें गोली मार दी थी। जांच में पता चला कि शेट्टी को राजन के गिरोह के मेंबर हेमंत पुजारी से जबरन वसूली के लिए कॉल आए थे और पैसे ना देने पर उनकी हत्या कर दी गई थी।
ये भी पढ़ें: पुणे पोर्श कार हादसे में आरोपी के दादा का छोटा राजन से जुड़ चुका है नाम, जानिए पूरा मामला
छोटा राजन की मौजूदा स्थिति
बता दें कि छोटा राजन पहले से ही सीनियर क्राइम रिपोटर जेडे की हत्या के लिए आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। हाल ही में आए अदालती फैसले से अन्य मामलों में उसकी कैद पर कोई असर नहीं पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications