गर्लफ्रेंड से शादी करने के लिए ड्राइवर के साथ मिलकर की पत्नी की हत्या, हत्या को बताया एक्सीडेंट
रायसेन, 18 मार्च। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के उदयपुरा थाना इलाके में एक शख्स ने दूसरी शादी करने के लिए अपनी पत्नी की हत्या करवा दी और फिर वारदात को एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की, मगर उसका राज खुल गया। आरोपी हत्या को हादसा दिखाने के लिए अपनी कार को तोड़ दिया था। डॉक्टर की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सारी हकीकत सामने आ गई। मृतका की शिनाख्त प्रियंका पत्नी बृजेंद्र मालवीय के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार बृजेंद्र मालवीय ऑर्डिनेंस फैक्ट्री इटारसी में चार्ज मैन के पद पर तैनात है। वह अपनी पत्नी प्रियंका से घरेलू विवाद के चलते तलाक चाह रहा था, लेकिन पत्नी तलाक देने पर राजी नहीं थी।
मामला कोर्ट तक पहुंच गया था। इस बीच पत्नी अपने मायके कटनी आकर रहने लगी। कोर्ट ने बृजेंद्र को पत्नी को साढे पांच लाख रुपये देने के लिए कहा था। तब बृजेंद्र ने सीधे तरीके से रुपये नहीं दिए तो उसके वेतन से एक हिस्सा कटकर पत्नी के खाते में जमा होने लगा।
कुछ दिन बाद बृजेंद्र ने कोर्ट में अर्जी दायर की कि वह पत्नी को साथ रखने के लिए तैयार है। कोर्ट ने कहा कि पहले एक महीने तक पत्नी को साथ में रखकर देखो। आरोपी पत्नी को मायके से लेकर इटारसी आ गया।
एक महीने बाद पति-पत्नी कोर्ट गए और वहां से प्रियंका फिर अपने मायके चली गई। वह ससुराल जाने के लिए तैयार नहीं हुई। इस पर बृजेंद्र ससुरालवालों से लड़-झगड़कर पत्नी को कटनी से लेकर इटारसी के लिए निकला।
कार मंगलवार रात करीब 11 बजे जब उदयपुरा-गाडरवारा रोड पर पेट्रोल पंप के पास पहुंची तो बृजेंद्र ने ड्राइवर के साथ प्रियंका का नाक-मुंह बंद कर दिया। उसे तब तक नहीं छोड़ा। जब तक उसक मौत नहीं हो गई। उसके बाद दोनों कार को खेत ले गए। यहां दोनों ने कार को तोड़ दिया, ताकि हत्या हादसा लगे।
मीडिया से बातचीत में उदयपुरा थाना प्रभारी प्रकाश शर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह डायल हंड्रेड पर एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पत्नी मृत अवस्था में मिली. सभी को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर को शक हुआ था कि हादसे से पहले ही महिला की मौत हो चुकी थी।
इसी आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया तो राज खुल गया। मृतक प्रियंका की मां प्रतिभा चौकसे और बहन स्वाति ने आरोप लगाया कि बृजेंद्र का फैक्ट्री में किसी महिला के साथ अफेयर चल रहा है। इस वजह से वह प्रियंका से तलाक चाह रहा था। वह बार-बार दहेज की मांग भी करता था। न देने पर बेटी को प्रताड़ित करता था।












Click it and Unblock the Notifications