Satna MLA सिद्धार्थ कुशवाहा पर चलती ट्रेन में महिला से अभद्रता के आरोप, पति के ट्वीट से मचा हड़कंप
Satna MLA सिद्धार्थ कुशवाहा व उनके साथ यात्रा कर रहे कोतमा विधायक सुनील सराफ पर रेवाचंल एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला ने सीट को लेकर अभद्रता करने के आरोप लगाए हैं। महिला छोटे बच्चे को लेकर सफर कर रही थी। उसने अपने पति को फोन पर जानकारी दी, तो उन्होंने रेलमंत्री, रेल मंत्रालय और पीएम को ट्वीट कर मदद मांगी थी। वहां से तत्काल रिप्लाई सागर जीआरपी, आरपीएफ और स्टेशन प्रबंधन को मिला था। जिसके बाद सागर स्टेशन पर रात करीब डेढ़ बजे जीआरपी और आरपीएफ पुलिस का बल पहुंच गया। पुलिस ने महिला से बात की तो उसने कहा कि ये दोनों लोग अभद्रता कर रहे हैं, शराब के नशे में हैं। लेडीज पुलिस न होने से महिला के बयान बीना में लिए जाने की जानकारी दी गई थी।

जीआरपी पुलिस से मिली जानकारी अनुसार रेवांचल एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12186 के एच-1 कोच में एक महिला अपने दुधमुहे बच्चे के साथ ए-2 सीट पर यात्रा कर रही थी। इसी ट्रेन में सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और कोतमा विधायक सुनील सराफ भी यात्रा करने के लिए सवार हुए थे। सीट को लेकर महिला से कुछ बातचीत हुई थी। महिला चूंकी अकेली थी, सो उसने अपने पति जो दिल्ली में अधिवक्ता हैं, उनको फोन पर सूचना दी थी। पति ने तत्काल ट्वीटर हैंडिल पर टिकट की जानकारी शेयर करते हुए रेल मंत्री, रेल मंत्रालय और प्रधानमंत्री सहित अन्य संबंधितों को टेग कर मदद मांगी थी। उन्होंने चलती ट्रेन में शराब के नशे में पत्नी से अभद्रता की बात कही थी। ट्वीट पर तुरंत एक्शन हुआ और ट्रेन के अगले स्टेशन दमोह-सागर को फोन पर सूचना भेजकर निर्देश दिए गए। सागर स्टेशन पर रेवांचल ट्रेन पहुंचने से पहले जीआरपीएफ और आरपीएफ दल-बल के साथ पहुंच गया था। ट्रेन आई और पुलिस ने महिला से बात की तो उसने सतना विधायक और कोतमा विधायक पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये दोनों शराब के नशे में हैं और मुझसे अभद्रता कर रहे थे। मौके पर सतना से कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा व कोतमा विधायक सुनील सराफ ने बताया कि वे दोनों एमएलए हैं और उनकी सीट पर महिला बैठी है। हमने इनसे कोई अभद्रता नहीं की है। सिद्धार्थ ने बताया था कि वे तो अपने सहयोगी की सीट पर जाकर बैठ गए थे। महिला के आरोप गलत हैं।

महिला पुलिस नहीं थी, दो पुलिसकर्मी बीना गए थे
सागर स्टेशन पर महिला पुलिसकर्मी नहीं थीं, इस कारण पीड़ित महिला के बीना में बयान लेने के लिए स्टाफ को निर्देश दिए गए। जीआरपी के दो जवान महिला के साथ बीना पहुंचे थे, यहां महिला अधिकारी श्वेता को उनके बयान लेने थे, लेकिन कंट्रोलरुम से निर्देश मिले की महिला भोपाल तक सफर कर रही हैं, अतः उन्हें भोपाल लेकर आ जाएं।

दोनो विधायकों के विदिशा में उतरने की जानकारी
मामले को लेकर बताया जा रहा है कि रेवांचल एक्सप्रेस में सफर कर रहे जिन सतना और कोतमा एमएलए पर महिला से अभद्रता के आरोप लगे थे, वे दोनों भोपाल तक सफर कर रहे थे, लेकिन रात में वे भोपाल के पहले विदिशा में उतर गए थे। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। इधर जीआरपी के अनुसार महिला के भोपाल में बयान दर्ज किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications