MP: नेपाल की धरती पर उसकी ही टीम को दी शिकस्त, कबड्डी में निवाड़ी की टीम झटक लाई गोल्डन ट्राॅफी
सागर, 29 अगस्त। नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में बुंदेलखंड के खिलाड़ियों ने जीत का परचम लहराया है। बीते हफ्ते नेपाल में कबड्डी के अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का आयोजन किया गया था। इसमें निवाड़ी की टीम का चयन हुआ था। टीम में शामिल सदस्यों ने अलग-अलग राउंड में टीमों को परास्त कर फाइनल मुकाबले में जगह बनाई थी। फाइनल में भारत और नेपाल की टीम के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें निवाड़ी की टीम ने नेपाल की धरती पर उसी की टीम को पटखनी देकर गोल्डन ट्राॅफी पर कब्जा जमा लिया।

अंतरराष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता नेपाल में निवाड़ी का गोल्डन ट्राॅफी पर कब्जा
नेपाल की धरती पर बीते दिनों आयोजित अंतरराष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में बुंदेलखंड के निवाड़ी जिले की टीम ने नेपाल की टीम को धूल चटाकर फाइनल मुकाबला जीतकर ट्राॅफी पर कब्जा जमाया है। टीम ने निवाड़ी सहित मप्र और देश का नाम रोशन किया है।

कबड्डी की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन दिखाया
जिला मुख्यालय पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही निवाड़ी कबड्डी की टीम ने नेपाल में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए नेपाल में तिरंगा फहराया है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित निवाड़ी के 8 खिलाड़ियों की टीम ने नेपाल में जाकर प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जीतकर अपने देश के तिरंगे का मान बढ़ाया है।

निवाड़ी के खिलाड़ियों ने नेपाल की धरती पर परचम लहराया
निवाड़ी के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में नेपाल को हराया। नेपाल की धरती पर उन्हीं की मजबूत टीम को हराना आसान नहीं था। टीम ने निवाड़ी की चयनित टीम के खिलाड़ियों को कड़ी टक्क्र दी थी। सभी खिलाड़ियों ने टीम भावना और सही रणनीति अपनाकर नेपाल की टीम को मुकाबले में कबड्डी में परास्त करते हुए जीत दर्ज कराई है। नेपाल में तिरंगा लहराकर निवाड़ी लौटे खिलाड़ियों का निवाड़ी में गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। विधायक निवास पर विधायक अनिल जैन ने सभी खिलाड़ियों सहित प्रशिक्षक का स्वागत करते हुए बधाई दी।

हरियाणा के सोनीपत में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जीती थी
निवाड़ी फेडरेशन कबड्डी की टीम ने कुछ समय पहले हरियाणा के सोनीपत में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जीती थी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के बाद निवाड़ी से चयनित 8 खिलाड़ियों की कबड्डी की टीम अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने दिनांक 20 अगस्त को नेपाल के लिए रवाना हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications