गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का कमलनाथ पर तंज, बोले-' वो महात्मा गांधी के सपने को पूरा कर रहे हैं'
भोपाल, 30 जुलाई। मध्य प्रदेश जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में गड़बड़ी के दौरान शुक्रवार को भोपाल में भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच हाथापाई की नौबत आ गई थी। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का एक पुलिस अधिकारी का कॉलर पकड़ने का वीडियो भी वायरल हुआ था। इसको लेकर भाजपा दिग्विजय सिंह पर हमलावर है। इसी को लेकर शनिवार को मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दिग्विजय पर तंज कसा। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि दिग्विजय सिंह जैसे मित्र हों तो शत्रु की जरूरत नहीं है। पहले कमलनाथ ने देखा और कल सुरेश पचौरी ने भी देख लिया।

नरोत्तम मिश्रा ने कमलनाथ पर भी कसा तंज
नरोत्तम मिश्रा ने कमलनाथ पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कमलनाथ कह कहां रहे हैं, मैं यह देख रहा हूं, सेना युद्ध में डटी है और सेनापति गायब हैं। कमलनाथ महात्मा गांधी के सपने को पूरा कर रहे हैं। महात्मा गांधी जी ने कहा था कि देश की आजादी के बाद कांग्रेस को खत्म कर देना, यही काम कमलनाथ कर रहे हैं।
नशा मुक्ति अभियान के लिए जिम्मेदारों को दी बधाई
नशा मुक्ति अभियान में देश में मध्यप्रदेश और प्रदेश में दतिया अव्वल आया है। इसको लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की नरोत्तम मिश्रा ने तारीफ की। उन्होंने कहा कि दतिया प्रशासन और जनता को बधाई और आज गृह मंत्री अमित शाह दतिया कलेक्टर को सम्मानित करेंगे।
नगर पालिका और परिषद में अध्यक्ष चुनाव पर भी दिया बयान
नरोत्तम मिश्रा ने नगर पालिका और परिषद में अध्यक्ष चुनाव को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव कोई भी हो क्लीन स्वीप बीजेपी ही करेगी। क्योंकि बीजेपी सेवा भाव से काम करती है, जनता के बीच में रहती है और जब भी संकट आता है, बीजेपी जनता की मदद करती है। चाहे वह कोरोना हो या बाढ़ या फिर अन्य संकट।
ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश पंचायत चुनाव : वोटिंग से पहले राजस्थान में आकर छुप गया सरपंच प्रत्याशी, रिजल्ट आया चौंकाने वाला












Click it and Unblock the Notifications