पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र में महत्वपूर्ण है महिलाओं की भूमिका, एमपी मंत्री लखन पटेल ने कहा
MP News: केन्द्रित महिला पशु चिकित्सकों के 2 दिवसीय प्रथम प्रांतीय अधिवेशन "भव्या-2024" का राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनकी भागीदारी निरंतर बढ़ती जा रही है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के इस क्षेत्र में रूझान में उत्तरोत्तर वृद्धि का एक महत्वपूर्ण कारण महिलाओं का पशुओं के प्रति नैसर्गित ममत्व एवं सहिष्णुता है। पशु चिकित्सा के क्षेत्र में महिला चिकित्सकों की सहभागिता उल्लेखनीय है और प्रदेश की आर्थिक उन्नति में उनका योगदान रेखांकित करती है।

महिला पशु चिकित्सकों के प्रथम प्रांतीय अधिवेशन के आयोजन के लिए आयोजक बधाई के पात्र हैं। इस दौरान विभागीय स्मारिका का विमोचन भी किया गया। पशु चिकित्सा राज्य मंत्री पटेल ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम मोहन यादव का पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र पर विशेष जोर है।
कृषकों की आय दोगुनी करने में पशुपालन एवं डेयरी का महत्वपूर्ण योगदान है। आगामी 6 मार्च को सीएम यादव के नेतृत्व में विषय विशेषज्ञों का एक सम्मेलन भी प्रस्तावित है। मंत्री पटेल ने कहा कि वर्तमान में चलित पशु चिकित्सा वाहन 1962 चल रहे हैं। इनकी संख्या को बढ़ाया जायेगा।
मंत्री पटेल ने कहा कि महिला पशु चिकित्सकों का कार्य चुनौतीपूर्ण है। कई बार उन्हें समस्याओं का भी सामना करना पड़ता है। हमारा प्रयास रहेगा कि उनकी हर समस्या का समाधान किया जाए और उन्हें अपने कार्य से संबंधी हर सुविधा प्रदान की जाए। मध्यप्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
शासकीय सेवाओं में उन्हें आरक्षण दिया गया है। जीडीपी में महिलाओं की हिस्सेदारी अधिक से अधिक बढ़े, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जायेंगे। उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार ने प्रासंगिक विषय पर विचार मंथन के लिए महिला पशु चिकित्सकों के प्रांतीय अधिवेशन के आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मंत्री परमार ने कहा कि भारत की ग्रामीण परम्परा में अर्थव्यवस्था का आधार हमेशा पशु और कृषि के साथ मातृशक्ति का योगदान रहा है। भारत शुरू से ही विश्व में दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। भारतीय अर्थव्यवस्था में डेयरी उद्योग का महत्वपूर्ण योगदान है।
पशुपालन एवं उनके जीवन रक्षण के लिए पशु चिकित्सको द्वारा किया जा रहा कार्य ईश्वरीय कार्य है। भारतीय परंपरागत कौशल को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़कर लोगों के जीवन को सरल और बेहतर बनाया जा सकता है। 2047 के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए हर क्षेत्र में स्वत्व के भाव से कार्य करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications