MP: बुंदेलखंड विवि में स्थापित होगी डॉ. अंबेडकर शोधपीठ, डॉ. साहेब व एससी से जुड़े विषयों पर होगा शोधकार्य
सागर, 07 जुलाई। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से बुंदेलखंड में शोधपीठ स्थापित होने जा रही है। केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहयोग से यह शोधपीठ स्थापित होगी। यहां पर शोधार्थी बाबा साहेब एवं अनुसूचित वर्ग से संबंधित विषयों पर शोध कर सकेंगे। संभाग में उनके नाम पर यह पहली पीठ होगी।

छतरपुर महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी छतरपुर में जल्द ही अंबेडकर शोधपीठ की स्थापना होगी। यहां जल्द ही छात्र एवं शोधार्थी, डॉक्टर अंबेडकर व अनुसूचित वर्ग से जुड़े विषयों पर शोध कर सकेंगे। शोध पीठ का संचालन यूनिवर्सिटी कैम्पस में ही होगा। यह पीठ सामाजिक न्याय विभाग से वित्तीय सहायता प्राप्त होगी। पीठ में एक प्रोफेसर और एक असिस्टेंट प्रोफेसर की प्रतिनियुक्ति होने वाली है इसके अलावा अन्य स्टाफ भी मिलेगा। पीठ के संचालन एवं अन्य सभी तरह की व्यवस्थाओं के लिए सामाजिक न्याय विभाग से अलग से बजट जारी किया जाएगा। अंबेडकर शोध पीठ का कार्यक्षेत्र संपूर्ण बुंदेलखंड रहेगा।
अन्य शोध पीठ से अलग और अनूठी होगी यह पीठ
विवि प्रबंधन से मिली जानकारी अनुसार इस शोध पीठ में संविधान निर्माता समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर के साहित्य, उनके जीवन चरित्र, संविधान निर्माण में योगदान, आजादी में उनके योगदान, अनुसूचित वर्ग के हालात, उनकी शिक्षा, समस्याएं एवं उत्थान जैसे अन्य विषयों पर छात्र शोध कार्य कर सकेंगे। पीठ के लिए जल्द ही प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications